जालंधर में एक्साइज विभाग की बड़ी कार्रवाई, शराब की 5 पेटियों के साथ एक काबू
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 08:28 PM (IST)
जालंधर डेस्क: जालंधर के रामामंडी इलाके में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें से अवैध शराब की 5 पेटियां बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। आबकारी इंस्पेक्टर जशन सिंह के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में अवैध शराब की बड़ी खेप सप्लाई के लिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत इलाके में विशेष नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश सिंह निवासी संतोखपुरा (संतोषी नगर) के रूप में हुई है। पुलिस और आबकारी विभाग की प्रारंभिक जांच में अवैध शराब के इस नेटवर्क के तार लुधियाना ग्रुप से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारी के मुताबिक, जांच में आरोपी के परिवार के पहले से इस गैर-कानूनी कारोबार में शामिल होने की बात भी सामने आई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। बरामद शराब और सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



