जालंधर लेक्चरर नेहा ह\त्याकांड में Big अपडेट, 4 दिन के पुलिस रिमांड पर पति और सास

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 02:39 PM (IST)

जालंधर (जतिंदर) : लेक्चरर नेहा की मौत से जुड़े मामले में आज पुलिस ने आरोपी पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी को अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने दोनों के रिमांड की मांग की, जिसके बाद अदालत ने दोनों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब दोनों को 1 सितंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

मामले की पैरवी कर रहे वकील अनूप गौतम ने बताया कि पुलिस ने अदालत से 5 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत ने 4 दिन का रिमांड मंजूर किया। वकील के अनुसार, अदालत में नेहा को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने और हार्पिक पिलाने से जुड़े आरोप भी रखे गए।

वकील ने दावा किया कि नेहा 19 तारीख को अस्पताल में भर्ती थी और उस समय उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी। अगले दिन रिश्तेदारों के माध्यम से उसके मायके वालों को उसकी हालत की जानकारी मिली। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि नेहा को पहले भी प्रताड़ित किया जाता था और इससे संबंधित दस्तावेज अदालत में पेश किए जाएंगे।

परिवार ने की सख्त सजा की मांग

नेहा के भाई अमरिश अमन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।

6 साल की बच्ची की बरामदगी पर पुलिस का आभार

परिवार की ओर से 6 वर्षीय बच्ची की सकुशल बरामदगी को लेकर पुलिस और सरकार का आभार जताया गया। परिवार के मुताबिक, मामले में फरार आरोपियों को उज्जैन से ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें उज्जैन से गिरफ्तार किया गया।

सतपाल कौर को न्यायिक हिरासत

वहीं मामले में सतपाल कौर को अदालत द्वारा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है। परिवार की ओर से उमंग बस्सी और सतपाल कौर के बीच कथित संबंधों से जुड़े सबूत मिलने का भी दावा किया गया है। फिलहाल उमंग बस्सी और कुसुम बस्सी पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ करेगी। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila