पंजाब रोडवेज की हड़ताल को लेकर Big Update! सरकार से बातचीत में क्या निकला नतीजा, जानें
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:21 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब रोडवेज के कच्चे कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल अब समाप्त हो गई है। बताया जा रहा है कि सरकार और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच मांगों को लेकर सहमति बन गई है, जिसके बाद सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर वापस लौट आए हैं।
हड़ताल के दौरान गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को एक महीने के भीतर रिहा कर दिया जाएगा। साथ ही यह फैसला भी लिया गया है कि किलोमीटर स्कीम के तहत विभाग में कोई नई बस शामिल नहीं की जाएगी। इस समझौते के बाद रोडवेज सेवाएं फिर से बहाल हो गई हैं, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि पंजाब में आज दोपहर 12 बजे से सरकारी बसों का चक्का जाम कर दिया गया था। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन द्वारा आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई थी। बस सेवाएं बंद होने के कारण पूरे राज्य में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कर्मचारियों ने विभिन्न बस अड्डों पर प्रदर्शन भी किया, जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
क्यों किया गया था बसों का चक्का जाम?
10 जून से पूरे प्रदेश में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों द्वारा सांकेतिक चक्का जाम कर हड़ताल शुरू की गई थी। कर्मचारियों का आरोप था कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है और विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा आंदोलन कर रहे कर्मचारियों पर कथित तौर पर मामले दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया। कर्मचारियों का कहना था कि पिछले चार वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो एक भी नई सरकारी बस शामिल की गई और न ही किसी कर्मचारी को स्थायी किया गया।
इन्हीं मांगों को लेकर यूनियन ने संघर्ष शुरू किया था और इसी के तहत आज से अनिश्चितकाल के लिए सरकारी बसों का चक्का जाम किया गया था। हालांकि अब सरकार और यूनियन के बीच समझौता होने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।

