पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों की बड़ी खेप के साथ 5 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 04:03 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन/विनोद/हरजिंदर सिंह गोराया): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच गुरदासपुर पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हॉट चेज के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 6 पिस्तौल, जिनमें एक 9 एमएम बेरेटा और एक 9 एमएम ग्लॉक शामिल है, के अलावा 49 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB 06 BP 3908 को भी कब्जे में लिया है।

Weapon Smuggling

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा निवासी अलूना, गुरदासपुर, करण कुमार निवासी भौंपुर अफगाना, गुरदासपुर, बलराज सिंह उर्फ बूरी निवासी बसंतकोट, अमरीक सिंह उर्फ सोनू निवासी जोरियां कलां, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर और मनजिंदर सिंह उर्फ मंगू निवासी उप्पल, गुरदासपुर के रूप में हुई है।

डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए हथियार और गोला-बारूद ड्रोन के जरिए सीमा पार से तस्करी कर भारत लाए गए थे। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और क्रॉस-बॉर्डर हथियार तस्करी मॉड्यूल की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर स्पेशल ब्रांच गुरदासपुर, थाना दोरांगला और थाना बहिरामपुर की पुलिस टीमों ने गांव नूरपुर थेह के चौक में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी को देखा। इस दौरान दो व्यक्ति गाड़ी के बाहर खड़े थे, जबकि तीन व्यक्ति गाड़ी के अंदर बैठे हुए थे।

weapon recovery

पुलिस पार्टी को देखते ही चालक ने स्कॉर्पियो को तेजी से भगा लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को तुरंत काबू कर लिया, जबकि फरार हुई स्कॉर्पियो का पुलिस टीम ने पीछा किया। पुलिस पार्टी ने हॉट चेज के दौरान थाना कलानौर के क्षेत्र में स्कॉर्पियो को सफलतापूर्वक रोक लिया और गैंगस्टर बलराज सिंह उर्फ बूरी बसंतकोटिया समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 6 पिस्तौल, मैगजीन और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

एसएसपी आदित्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलराज सिंह उर्फ बूरी बसंतकोटिया एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित अपराधों सहित कुल 26 एफआईआर दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना दोरांगला में एफआईआर नंबर 96, दिनांक 13 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News