मोहाली में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी में पड़ी बिजली की तार की चपेट में आया व्यक्ति
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:23 PM (IST)
मोहाली: पंजाब के मोहाली में भारी बारिश के बाद जलभराव के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सुबह ऑफिस जा रहे एक व्यक्ति की बारिश के पानी में पड़ी बिजली की तार के संपर्क में आने से करंट लगने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान मेवालाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुआ। मेवालाल साइकिल से अपने ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर जमा बारिश के पानी में पड़ी एक बिजली की तार उनके संपर्क में आ गई। करंट लगने के बाद वह पानी में गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण इलाके में काफी जलभराव था। जिस कारण कई बिजली की तारें और केबल जमीन के बेहद करीब पड़ी थीं और कुछ तारें पानी के संपर्क में भी थीं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
मेवालाल अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना ने बारिश के दौरान खुले तारों और जलभराव वाले इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

