ससुराल पक्ष से दुखी व्यक्ति ने की आत्महत्या

punjabkesari.in Friday, Jul 20, 2018 - 06:33 PM (IST)

मलोट (गोयल): मलोट निवासी एक व्यक्ति ने अपने ससुराल परिवार से दुखी होकर आत्महत्या कर ली। थाना सिटी मलोट पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मलोट निवासी जज सिंह पुत्र गुरनाम सिंह का 8 वर्ष पहले गांव कोठे वाला (रामपुरा फूल) के निवासी गुरनाम सिंह की पुत्री दीपइंद्र कौर के साथ विवाह हुआ था।

उनकी एक बच्ची भी है लेकिन काफी समय से जज सिंह अपने ससुराल वालों के व्यवहार से काफी परेशान था। कुछ समय पहले उसके ससुराल परिवार वाले दीपइंद्र कौर और उनकी बेटी को अपने साथ लेकर चले गए। पिछले दिनों जज सिंह अपने ससुराल अपनी पत्नी को लेने गया तो उसे मालूम पड़ा कि उसका ससुराल परिवार वहां से अपना मकान बदलकर बठिंडा चला गया है। 

जज सिंह ने बठिंडा आकर अपनी पत्नी और ससुराल वालों की तलाश करने की बहुत कोशिश की किंतु उसे पता नहीं चला जिस कारण वह काफी परेशान रहने लग पड़ा। जज सिंह के पिता गुरनाम सिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले काफी समय से परेशानी की हालत में वह आत्महत्या करने की बातें करने लगा था और गत रात्रि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। थाना सिटी मलोट पुलिस ने गुरनाम सिंह के बयानों के आधार पर जज सिंह की पत्नी दीपइंद्र कौर, उसकी सास वीरपाल कौर, साले जसप्रीत सिंह व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Des raj