विज्ञापनों पर फिजूल खर्च करने के बजाय शिक्षकों की भर्ती और स्कूल पर खर्च करें मान सरकार: चुघ

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 08:00 PM (IST)

जालंधर : भाजपा के सांसद, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं गुजरात भाजपा प्रभारी तरुण चुग ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और सरकारी कर्मचारियों के लंबित DA को लेकर तीखा हमला बोला। चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तथाकथित ‘शिक्षा क्रांति’ अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है और यह केवल महंगे सरकारी विज्ञापनों तक सीमित रह गई है।

चुग ने कहा कि पंजाब में 31,370 से अधिक शिक्षक पद खाली हैं और करीब 1,150 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नियमित प्रिंसिपलों के बिना चल रहे हैं। फाजिल्का में बच्चों का खुले आसमान के नीचे पढ़ना और स्कूलों में बुनियादी स्तर की गलतियां सामने आना सरकार के शिक्षा मॉडल की वास्तविक तस्वीर है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ स्कूलों में शिक्षक और प्रिंसिपल नहीं हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स अपने जायज DA के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं। 27 अगस्त को करीब 4 लाख कर्मचारी और 3.5 लाख पेंशनर्स लंबित DA के मुद्दे पर सामूहिक अवकाश पर जा रहे हैं। कर्मचारी 18 प्रतिशत लंबित DA जारी करने की मांग कर रहे हैं।

चुग ने कहा कि भगवंत मान सरकार को अब विज्ञापनों के पीछे छिपने के बजाय जवाबदेही तय करनी चाहिए। सरकार करोड़ों रुपये प्रचार पर खर्च करने के बजाय स्कूलों में शिक्षकों और प्रिंसिपलों की नियुक्ति करे तथा कर्मचारियों और पेंशनर्स का लंबित DA जारी करे।

उन्होंने कहा कि पंजाब को प्रचार नहीं, शिक्षक चाहिए; विज्ञापन नहीं, प्रिंसिपल चाहिए और वादे नहीं, कर्मचारियों का उनका हक चाहिए। AAP सरकार के दावों और पंजाब की जमीन पर दिखाई दे रही हकीकत के बीच का अंतर अब जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News