शादी से एक दिन पहले शगुन के टोकरे को लेकर टूटा रिश्ता, थाने पहुंचा दूल्हा

punjabkesari.in Wednesday, May 11, 2022 - 05:15 PM (IST)

अमृतसरः गांव काहलों में शादी का माहौल उस समय फीका पड़ गया, जब लड़की वालों ने विवाह से एक दिन पहले लड़के वालों के साथ रिश्ता तोड़ दिया। दूल्हे और उसके परिवार की तरफ से शादी टूटने का मुख्य कारण शगुन का टोकरा बताया जा रहा है। इस मामले की शिकायत दूल्हे के परिवार ने पुलिस को दे दी है, जिनकी तरफ से इस मामले की जांच की जा रही है।

पीड़ित दूल्हे ने बताया कि गत दिवस उसका विवाह था। उन्होंने विवाह की सभी तैयारियां की हुई थीं। उसे शगुन भी लग चुका था।  उसके परिवार वाले जब लड़की को शगुन लगाने के लिए गए तो वह सभी कपड़े, विवाह का सामान, फलों वाला टोकरा आदि लेकर गए। उसने बताया कि शगुन लगाने से पहले लड़की के परिवार वालों ने हमें कहा कि आप उनके घर वह टोकरा लेकर आए हो, जो हमने लड़के को दिया था। 

दूल्हे ने कहा कि हमने लड़की के परिवार को कहा कि यह टोकरा हम अलग बनवा कर लाए हैं और यह आपका टोकरा नहीं है। इसी बात को लेकर उन्होंने विवाह तोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि उनको दूल्हो के परिवार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शगुन वाले टोकरे को लेकर लड़की वालों के रिश्ता तोड़ दिया है। उन्होंने विवाह की सभी तैयारियां की हुई थीं। पुलिस ने कहा कि इस मामले को लेकर लड़के के परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं अब लड़की के परिवार के बयान आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।

Content Writer

Vatika