पकड़े गए प्रेमी जोड़े का पंचायत ने करवाया विवाह, फिर इंसाफ मांगने के लिए लेट गई सड़क पर

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2020 - 05:34 PM (IST)

होशियारपुर(अमरीक कुमार): माहलपुर पुलिस थाने में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब एक राजीनामे दौरान विवाहित लड़की की उसकी सास और परिवार ने पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार चार दिन पहले ही गांव बड्डोआण की पंचायत में उस लड़की का विवाह हुआ था। थानेदार की मौजूदगी में ही लड़की और उसके परिवार पर ससुराल पक्ष ने हमला कर दिया। इंसाफ न मिलता देख लड़की और उसका परिवार सड़क पर आ गया और धरना लगा दिया। प्रदर्शन करते हुए लड़की बीच सड़क पर ही लेट गई। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने ससुराल वालों के पांच सदस्यों को थाने में रोक दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्दीप कौर बेटी सुरिन्दर सिंह निवासी बड्डोआण ने अपनी चाची जसविन्दर कौर, पिता सुरिन्दर सिंह, भाई, भाजपा नेता अमरजीत सिंह भिन्दा, बसपा नेता बख्शीश सिंह गांधी और अन्य पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में बताया कि पिछले छह सालों से नजदीकी गांव सरदुल्लापुर के लड़के जसकरन सिंह के साथ प्रेम संबंध थे। उसने बताया कि चार दिन पहले वह एक जगह मिलते पकड़े गए तो दोनों परिवारों ने पंचायत की मौजूदगी में उनका लिखित विवाह करवा दिया और वह अपने ससुराल आ गई। 

उसने बताया कि दो दिन बाद उसकी सास ने उसे अलग कमरा दे दिया लेकिन उसके पति को नहीं आने दिया जिस कारण घर में लड़ाई झगड़ा हो गया। उसके ससुराल वालों ने उसकी झूठी शिकायत थाना माहलपुर में कर दी। उसने बताया कि आज थाना माहलपुर में थानेदार दलजीत सिंह ने दोनों पार्टियों को बातचीत के लिए बुलाया था। वह अभी बातें ही कर रहे थे कि उसकी सास ने थानेदार की मौजूदगी में ही उसके बाल पकड़ कर थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। उसने बताया कि जब लोगों ने उसे छुड़ाया तो थानेदार ने उसके पति जसकरन को अंदर ही रोक लिया। इस बात से भड़के ससुराल वालों ने लड़की वालों पर थाने के अंदर ही हमला कर दिया। दोनों पक्षों ने कुर्सियां उठा ली तो पीड़ित लड़की और उसके मां-बाप ने थाने के बाहर धरना लगा दिया और लड़की सड़क के बीच ही लेट गई। 

उधर पीड़ित परिवार ने थानेदार दलजीत सिंह पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि थानेदार दलजीत सिंह उन पर लगातार दबाव बना रहा था और अपने-अपने घर जाने के लिए डरा धमका रहा था। लड़की ने आरोप लगाया कि लड़का तीन बार उसका गर्भपात भी करवा चुका है। इस संबंधी थानेदार दलजीत सिंह ने माना कि दोनों का पंचायती विवाह हुआ था। लड़की वालों की शिकायत पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया था परंतु लड़के वालों द्वारा कानून को हाथ में लेने के चलते थाने में बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि बनती कार्यवाही की जाएगी।

Sunita sarangal