6 माह के बेटे ने दी शहीद पिता को मुखाग्नि, मंजर देख हर आंख हुई नम(Watch Video)

punjabkesari.in Monday, Jul 29, 2019 - 02:21 PM (IST)

बटाला/फतेहगढ़ चूडिय़ां/ गुरदासपुर (बेरी, विनोद): गांव पब्बाराली कलां के जवान लांस नायक रजिन्द्र सिंह (26) जोकि कश्मीर के माछल सैक्टर में आतंकियों का मुकाबला करते हुए शहीदी का जाम पी गया, का पार्थिव शरीर आज बाद दोपहर जब उसके गांव पब्बाराली कलां में पहुंचा तो गांव में शोक की लहर फैल गई और हर आंख नम दिखाई दी।



शहीद रजिन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेट कर उसके साथी जवानों ने गाड़ी में से उतारा तो गांव व इलाका निवासियों सहित सिविल व पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक नेताओं, धार्मिक व सामाजिक शख्सीयतों ने फौजी जवान रजिन्द्र सिंह की शहादात के जज्बे को सलाम किया। इसके उपरांत शहीद के पार्थिव शरीर को उसके घर में रखा गया तो सभी तरफ मातम छा गया। यह भी उल्लेखनीय है कि शहीद की अर्थी को उसकी माता पलविन्द्र कौर द्वारा भी कंधा दिया गया। इसके बाद शहीद रजिन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर को गांव के श्मशानघाट में ले जाया गया जहां परिवार के सदस्यों पलविन्द्र कौर माता, सविन्द्र सिंह पिता, रणजीत कौर पत्नी, कुलदीप कौर बहन, बलविन्द्र सिंह व दलविन्द्र सिंह भाई और 6 महीने के लड़के गुरनूर सिंह ने शहीद रजिन्द्र सिंह को सलामी देते हुए उसके अंतिम दर्शन किए।



इस मौके सेना के जवानों और परिवार के सदस्यों के अलावा पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, जिला प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. डेरा बाबा नानक गुरसिमरन सिंह ढिल्लों ने पुष्पमालाएं भेंट कर शहीद रजिन्द्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान तिब्बड़ी कैंट से रामू राम सूबेदार की अगुवाई में 19 जाट रैजीमैंट के जवानों की टुकड़ी ने 2 मिनट का मौन धारण कर शहीद को बारिश में श्रद्धासुमन अर्पित किए, जबकि शहीद रजिन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर के साथ आए सेना के जवानों ने तिरंगे में लिपटे शरीर को सम्मान सहित परिवार को सौंपा। शहीद रजिन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके 7 महीने के लड़के गुरनूर सिंह द्वारा दिखाई गई।

बेटे की शहादत पर रहेगा गर्व : मां
शहीद की माता पलविन्द्र कौर ने कहा कि मुझे अपने आप पर गर्व महसूस हो रहा है कि मैंने एक बहादुर व शूरवीर को जन्म दिया जिसने देश की खातिर शहीद होकर जिला गुरदासपुर व गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि उसे अपने पुत्र शहीद रजिन्द्र सिंह के इस दुनिया से चले जाने तो दुख है लेकिन साथ ही सदैव अपने पुत्र की शहादत पर गर्व रहेगा। 



पंजाब सरकार शहीद परिवार को देगी 12 लाख की सहायता : कैबिनेट मंत्री रंधावा
कैबिनेट मंत्री पंजाब सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने कहा कि लांस नायक रजिन्द्र सिंह की शहादत का मूल्य तो कोई भी सरकार नहीं दे सकती, परन्तु फिर भी परिवार का मनोबल बढ़ाने हेतु पंजाब सरकार द्वारा शहीद के परिवार को 12 लाख रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त गांव के सरकारी स्कूल का नाम शहीद के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद की पत्नी को उसकी योग्यतानुसार नौकरी दी जाएगी। 

अंतिम यात्रा में लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
शहीद की पार्थिव देह को कंधा देकर मां पलविन्द्र जब श्मशान ले जा रही थी तो अंतिम यात्रा में मौजूद सैंकड़ों लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद, भारत माता की जय, शहीद की बहादुर माता जिंदाबाद का जयघोष करके अपना गुस्सा जाहिर किया।

Vatika