आग का तांडव! बुटीक, सैलून और जनरल स्टोर को लिया चपेट में, लाखों का सामान जलकर राख
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 09:50 PM (IST)
गुरदासपुर, (हरजिंदर गोराया) : गुरदासपुर के कस्बा काहनूवान के पुराने बाजार में सिवाला मंदिर चौक के पास गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में चल रहे बुटीक, सैलून और जनरल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित परिवार का दावा है कि दुकान में रखी करीब पौने दो लाख रुपये की नकदी भी गायब है। परिवार के मुताबिक, आगजनी और नकदी गायब होने से उन्हें कुल 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, काहनूवान निवासी लवकेश देवगन ने बताया कि उनकी पत्नी रोशनी घर में बनी दुकान में कॉस्मेटिक और जनरल स्टोर का सामान बेचने के साथ-साथ सैलून और ब्यूटी पार्लर का काम भी करती हैं। गुरुवार रात करीब 9 बजे परिवार घर में मौजूद था। इसी दौरान दुकान की तरफ से खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी।
लवकेश के मुताबिक, आवाज सुनकर उनकी पत्नी रोशनी कमरे से बाहर आईं तो उन्होंने कथित तौर पर एक व्यक्ति को घर की सीढ़ियों से भागते हुए देखा। जब उन्होंने दुकान की तरफ देखा तो वहां से आग की लपटें निकल रही थीं। शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्यों ने पड़ोसियों को सूचना दी। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मोहल्लावासी मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की चपेट में आने से दुकान में रखा काफी सामान जल गया।
मामले की सूचना काहनूवान पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों के साथ-साथ नकदी गायब होने के दावे की भी जांच कर रही है।


