माइनिंग माफिया ने पुलिस कर्मियों पर किया हमला, हैड कांस्टेबल घायल, 1 गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 21, 2018 - 11:14 PM (IST)

नंगल (सैनी/गुरभाग): इलाके में अवैध माइनिंग करने वाले लोगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब उन्हें सरकार और पुलिस का तो भय नहीं रहा है। इस धंधे से जुड़े लोग रात को ही नहीं दिन के समय भी सरेआम खड्डों में माइनिंग कर रहे हैं। ऐसी घटना आज गांव स्वामीपुर के नजदीक भी खड्ड में देखने को मिली जब कथित माइनिंग माफिया ने पुलिस को भी नहीं बख्शा और हमला कर दिया। उधर गांववासियों ने पुलिस पर बेवजह लाठीजार्च करने का आरोप में प्रदर्शन भी किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस वाले महिलाओं से भी दुर्व्यवहार करते हैं जिसके चलते पुलिसकर्मियों का विरोध किया था। 

नया नंगल चौकी इंचार्ज नरिन्द्र सिंह ने बताया कि चौकी में तैनात हैड कांस्टेबल निरपाल सिंह पुलिस कर्मियों के साथ स्वामीपुर खड्ड के नजदीक कथित माइनिंग को रुकवाने के लिए गए थे तो कथित तौर पर माइनिंग करने वालों ने रोकने पर पुलिस वालों को घेर कर हमला कर दिया। वहीं हमले में एक हैड कांस्टेबल निरपाल सिंह घायल हो गया है। 

वहीं घायल कांस्टेबल निरपाल सिंह ने घटना की सूचना डी.एस.पी. नंगल गुरिन्द्रपाल सिंह और एस.एच.ओ. गुरजीत सिंह को दी। इसके बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और माइनिंग माफिया को काबू करने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। 

महिलाओं से दुर्व्यवहार के मामले की होगी जांच : डी.एस.पी.
इस संबंध में डी.एस.पी. जी.पी. सिंह ने बताया कि पुलिस ने हैड कांस्टेबल निरपाल सिंह के बयानों के आधार पर स्वामीपुर और पींगबड़ी के पूर्व सरपंचों समेत 14 अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी धर पकड़ शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस गैर-कानूनी कार्य करने वाले लोगों को बख्शेगी नहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं से दुव्र्यवहार के मामले की जांच की जाएगी।  

Des raj