पंजाब में भ्रष्टाचार को लेकर मंत्री ब्रह्म शंकर जिंम्पा का बड़ा दावा

punjabkesari.in Monday, Apr 11, 2022 - 12:45 PM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब विधानसभा के आम चुनावों में होशियारपुर से जीते ब्रह्म शंकर जिम्पा को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में राजस्व, सैनीटेशन जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए हैं। पंजाब में कांग्रेस को पराजित करने के बाद जिस तरह से आम आदमी पार्टी सत्ता में आई है, उसके बाद भगवंत मान सरकार द्वारा लोगों को साफ-सुथरा प्रशासन देने के लिए कदम उठाए गए हैं जिसके नतीजे सामने आने शुरू हो गए हैं। इस संबंध में राज्य के राजस्व, सैनीटेशन मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा से विशेष बातचीत की गई। पेश हैं मुख्य अंश :

प्र. पंजाब में जनता ने पहली बार आम आदमी पार्टी को मौका दिया है। ‘आप’ कैसा महसूस कर रहे हैं?
उ.
पंजाब की जनता ने पहली बार आम आदमी पार्टी को सत्ता तक पहुंचाया है। इसे देखते हुए एक तो खुशी काफी अधिक है तथा दूसरा हमें जनता के बीच में रह कर उनके काम करवाने हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी एक इतिहास रचेगी और जिस तरह से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी नेता या कार्यकर्ता को अहंकार नहीं करना है, उस पर पूरी तरह से सभी पहरा देंगे और पंजाब में एक नया इतिहास रचेंगे।

प्र. आपको राजस्व जैसा महत्वपूर्ण विभाग सौंपा गया है, इस संबंध में क्या कहेंगे?
उ.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे ईमानदारी व मेहनत के साथ पूरी करूंगा।

प्र. पंजाब में तहसीलों के अंदर भ्रष्टाचार के कारण जनता काफी दुखी थी?
. तहसीलों में अब तक 70 प्रतिशत भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जब से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए एंटी क्रप्शन एक्शन लाइन का गठन किया है, तब से लेकर भ्रष्टाचार पर ही लगाम लगनी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में तहसीलों में शेष रहते 30 प्रतिशत भ्रष्टाचार पर भी काबू पा लिया जाएगा। आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को स्वच्छ प्रशासन देने के मामले में सत्ता में आई है और इस वायदे को मुख्यमंत्री ने पूरा करने के लिए सबसे पहले एंटी क्रप्शन हेल्पलाइन का गठन किया।

प्र. तहसीलों में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए क्या आप तहसीलों की चैकिंग भी करेंगे?
उ.
तहसीलों में कामकाज में अब असर साफ दिखाई देने लगा है। लोगों को अपने काम करवाने के लिए रिश्वत नहीं देनी पड़ रही है। मुझे लगता है कि भ्रष्टाचार पर काफी हद तक लगाम लग जाएगी और वह तहसीलों की अचानक चैकिंग भी किया करेंगे। इससे सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को यह पता चल जाएगा कि सरकार किस तरह का प्रशासन उनसे चाहती है।

प्र. क्या आपको लगता है कि पूर्व सरकार के समय भ्रष्टाचार चरम पर था और तहसीलें सबसे ज्यादा प्रभावित थीं?
उ.
यह सही है कि पूर्व सरकार के समय तहसीलों में सबसे अधिक भ्रष्टाचार था। अब मौजूदा भगवंत मान सरकार भ्रष्टाचार के किसी भी केस को सहन नहीं करेगी। मुझे लगता है कि आधा भ्रष्टाचार तो सरकार के डर के कारण ही खत्म हो गया है परन्तु अभी भी जो थोड़े-बहुत अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं सरकार उन्हें भी जल्द सही रास्ते पर ले आएगी। सरकार प्यार से सभी अधिकारियों को भ्रष्टाचार को खत्म करने तथा साफ-सुथरा प्रशासन देने की गुहार लगा रही है।

प्र. पंजाब में ‘आप’ को 92वें सीटों पर जीत मिली है, किसी ने भी इतनी उम्मीद नहीं की थी?
उ.
हमें शुरू से ही उम्मीद थी कि जनता का फैसला एकतरफा होगा क्योंकि जिस तरह से जनता हमें चुनाव से पहले प्यार दे रही थी वह अतुलनीय था। पंजाब में अंडर करंट काफी चल रहा था तथा इसी का असर है कि आम आदमी पार्टी को 92 सीटें मिलीं।

प्र. 92 सीटें मिलने के बाद जिम्मेदारियां काफी बढ़ गई हैं?
उ.
यह सही है कि जितना अधिक बहुमत आम आदमी पार्टी को मिला उससे हमारी जिम्मेदारियां काफी बढ़ गई हैं। हम जनता के प्रति जवाबदेह रहेंगे और जनता के काम पहल के आधार पर करेंगे। हमें लोगों ने अपनी सेवा करने के लिए चुना है। लोगों को न्याय, इंसाफ तथा भ्रष्टाचार रहित प्रशासन देना हमारे एजैंडे में सबसे ऊपर है।

प्र. आप जयपुर में सैनीटेशन व ग्रामीण जलापूर्ति की राष्ट्रीय बैठक में भाग लेकर आए हैं, उसमें केंद्र सरकार ने क्या एजैंडा आपके सामने रखा है?
उ.
जयपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सभी राज्यों के मंत्रियों को बैठक में भाग लेने के लिए बुलाया गया था। इस बैठक में पंजाब की ओर से हमने उन्हें बताया है कि सैनीटेशन तथा ग्रामीण जलापूॢत को लेकर कौन-कौन से प्रोजैक्ट चल रहे हैं। हमने केंद्र सरकार से कहा है कि इन प्रोजैक्टों को जल्द से जल्द पूरा करवाने के साथ-साथ नए प्रोजैक्टों के लिए ग्रांट भी जारी की जाए।

प्र. पंजाब के लिए आपका एजैंडा क्या रहेगा?
उ.
पंजाब में जनता ही हमारा एजैंडा है और जनता से किए वायदों को व्यावहारिक रूप देना हमारे एजैंडे में सबसे ऊपर रहेगा। विभाग की जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाना व सख्त मेहनत करना हमारे एजैंडे में सबसे ऊपर है।

प्र. क्या आपको लगता है कि पंजाब में आने वाले समय में बड़े परिवर्तन दिखाई देंगे?
उ.
यह सही है कि आने वाले समय में बड़े परिवर्तन पंजाब में दिखाई देंगे। सरकार का ढांचा पिछले कई वर्षों से एक जैसा ही चलता आ रहा है। मुझे लगता है कि अब महा परिवर्तन का दौर शुरू हो चुका है तथा भगवंत मान सरकार ने उसकी शुरूआत कर दी है। लोगों का साथ इसी तरह से मिलता रहा तो पंजाब एक नवां पंजाब दिखाई देगा।

प्र. क्या आपको लगता है कि ‘आप’ की सरकार जनता से किए वायदों को जल्द पूरा करेगी?
उ.
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लोगों ने भरोसा करके वोटें डाली हैं। उन्हें लगता है कि पंजाब में मौजूदा ‘आप’ सरकार अपने सभी वायदों को पूरा करेगी और जनता भी मौजूदा सरकार में अंतर महसूस करेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News