भगवंत मान को याद आए अमरजीत संदोआ, कैप्टन पर किए वार

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 04:48 PM (IST)

संगरूर: आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान भगवंत मान को आखिर रोपड़ से विधायक अमरजीत सिंह संदोआ का ख्याल आ ही गया है, इसीलिए तो आज भगवंत मान ने संदोआ पर हुए हमले की निंदा करते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की अपील की। 

भगवंत मान ने कहा कि अमरजीत संदोआ ने रेत माफिया के खिलाफ आवाज उठाई तो उनके साथ ही मारपीट कर दी गई। उन्होंने कैप्टन पर वार करते हुए कहा कि कैप्टन के राज में एक विधायक के साथ मारपीट की जा रही है। भगवंत मान ने कैप्टन को याद करवाया कि चुनाव के समय रेत माफिया को खत्म करने की जो कसम खाई थी जिसको वह भूल गए हैं।

भगवंत मान ने कैप्टन को कहा कि वह जमीनी स्तर पर आ कर देखें कि पंजाब में हालात कितने ज्यादा खराब हो चुके हैं। भगवंत मान ने कहा कि उनको उम्मीद है कि संदोआ पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला जरूर दर्ज होगा। बता दें कि आम आदमी पार्टी के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ आनंदपुर उप मंडल में नूरपुरबेदी के निकट एक खदान में निरीक्षण के लिए गए थे। इस दौरान संदोआ पर रेत माफिया ने हमला कर घायल कर दिया था। संदोआ को आंनदपुर साहिब अस्पताल ले जाया गया और बाद में सीने में दर्द की शिकायत के कारण उन्हें चंडीगढ़ के पी.जी.आई. में भेजा गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। 

Vaneet