2 लाख 50 हजार की ड्रग मनी व 255 ग्राम हैरोइन सहित 2 काबू

punjabkesari.in Sunday, Jul 21, 2019 - 05:50 PM (IST)

मोगा (आजाद): मोगा पुलिस की ओर से नशों का धंधा करने वालों के खिलाफ चलाई मुहिम को उस समय सफलता मिली, जब सी.आई.ए. स्टाफ मोगा ने दो लड़कों को काबू करके उनसे लाखों रुपए मूल्य की हैरोइन के अलावा 2 लाख 50 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद की। इस संबंध में जानकारी देते एस.पी.आई. हरिन्द्रपाल सिंह परमार ने बताया कि नशों के खिलाफ पंजाब सरकार के निर्देशों पर विशेष मुहिम चलाई जा रही है। जिला मोगा में उक्त मामले की निगरानी जिला पुलिस अधीक्षक मोगा द्वारा विशेष तौर पर की जा रही है। 

जानें पूरा मामला
उन्होंने बताया कि जब डी.एस.पी. सिटी परमजीत सिंह संधू की अगुवाई में सी.आई.ए. स्टाफ मोगा के इंचार्ज इंस्पैक्टर त्रिलोचन सिंह, सहायक थानेदार मलकीत सिंह इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की तलाश कर रहे थे, तो जब वह बुघीपुरा मोड़ के पास जा रहे थे, तो उनको गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि बुघीपुरा चौक के नजदीक पुराने रैस्ट हाऊस के पास वृक्षों के नीचे दो नौजवान हैरोइन बेच रहे हैं। यदि छापामारी की जाए, तो भारी मात्रा में हैरोइन के अलावा बिक्री के पैसे भी बरामद हो सकते हैं, जिस पर उन्होंने तुरंत बताई गई जगह पर छापामारी करके विजय सिंह निवासी गुरु रामदास नगर मोगा, धर्मवीर सिंह उर्फ निक्का निवासी गुरुसर बस्ती मोगा को काबू करके उनसे लाखों रुपए मूल्य की 255 ग्राम हैरोइन तथा बिक्री के 2 लाख 50 हजार नकद बरामद किए गए, जिनको पुलिस पार्टी ने तुरंत हिरासत में ले लिया।

400-400 रुपए दिहाड़ी पर करते हैं काम
इस संबंध में जानकारी देते सी.आई.ए. स्टाफ मोगा के इंचार्ज इंस्पैक्टर त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पूछताछ दौरान काबू किए गए दोनों लड़कों ने कहा कि उनका मुख्य सरगना विजय सिंह निवासी गुरु रामदास नगर मोगा है तथा वह हमें 400-400 रुपए दिहाड़ी हैरोइन सप्लाई करने के लिए देता है, जिसके कहने पर हम उस द्वारा बताई गई जगह पर जाकर बैठ जाते हैं तथा अपने आप ही ग्राहक वहां आने शुरू हो जाते हैं। आज भी हम ग्राहकों को हैरोइन सप्लाई कर रहे थे, तो पुलिस के काबू आ गए।

क्या हुई पुलिस कार्रवाई
सी.आई.ए. स्टाफ मोगा के इंचार्ज इंस्पैक्टर त्रिलोचन सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाना सिटी मोगा में मुख्य सरगना विजय सिंह तथा उसके कारिंदों धर्मवीर सिंह उर्फ निक्का, वरिन्द्र सिंह उर्फ नन्नू के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जिनको आज पूछताछ के बाद माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

Mohit