जमीन के चंद टुकड़ों के लिए सगा भाई बना दुश्मन! बड़े भाई की आंखों से छलके आंसू

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 09:20 AM (IST)

मोगा(कशिश): जमीन के कुछ टुकड़ों को लेकर दो सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद खड़ा हो गया कि मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। मोगा जिले के गांव जनेर में बड़े भाई जगतार सिंह ने अपने छोटे भाई गुरबचन सिंह और उसके परिवार पर जमीन पर कब्जा करने, लाखों रुपये की लागत से करवाए गए बोर को तोड़ने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं। अपने ही भाई के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे जगतार सिंह अपनी आपबीती सुनाते हुए भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे।

जगतार सिंह के मुताबिक, करीब 25 से 30 साल पहले उनके पिता ने तीनों भाइयों के बीच जमीन का बराबर बंटवारा कर दिया था। इसके बाद से वह जमाबंदी के रिकॉर्ड के अनुसार अपने हिस्से की जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उन्होंने अपनी जमीन में करीब 4 से 5 लाख रुपये खर्च कर बोर करवाया था। आरोप है कि उनके छोटे भाई गुरबचन सिंह ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके हिस्से की जमीन में बने बोर को तोड़ दिया। इसके अलावा बोर के पास सामान रखने के लिए बनाई गई छोटी कोठी को भी गिरा दिया गया और बोर को ईंटों से भर दिया गया। जगतार सिंह ने इस मामले में अपने छोटे भाई की पत्नी जसवीर कौर और बेटी मनजीत कौर पर भी कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने में शामिल होने के आरोप लगाए हैं।

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में थाना कोट ईसे खां में शिकायत दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के लिए प्रशासन का धन्यवाद भी किया। हालांकि, उनका आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद भी उन्हें अलग-अलग लोगों के माध्यम से धमकियां दिलवाई जा रही हैं। यहां तक कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। जगतार सिंह ने बताया कि वह और उनकी पत्नी बुजुर्ग हैं और गांव में अकेले रहते हैं, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर हर समय चिंता बनी रहती है।

अपने छोटे भाई के व्यवहार से आहत जगतार सिंह ने भावुक होकर कहा कि जिस भाई को उन्होंने बचपन से लाड-प्यार देकर बड़ा किया, आज वही उनकी जान का दुश्मन बन गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी और पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धमकियां देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जमीन विवाद में जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika