मोहाली में दिल दहला देने वाली वारदात, दो दोस्तों पर तलवार-चाकुओं से हमला, 1 की मौ+त
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 02:35 PM (IST)
मोहाली: पंजाब के मोहाली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, यहां गुरुवार देर रात एक खंडहर इमारत में 2 युवकों पर तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों को इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान करण (18) निवासी खुड्डा अलीशेर, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नयागांव पुल के पास स्थित खंडहर इमारत में कुछ युवक अक्सर नशा करने के लिए जुटते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद कुछ युवकों ने करण और उसके दोस्त पर तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया।
मृतक करण के भाई ने बताया कि वह गुरुवार रात घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में जानकारी मिली कि वह नयागांव के पास घायल अवस्था में पड़ा है। परिवार उसे और उसके दोस्त को तुरंत पीजीआई लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नयागांव थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

