मूसेवाला की हत्या के मामले में कुछ भी सामने न आने पर राजा वड़िंग ने उठाए सवाल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 15, 2022 - 09:11 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह राजा वड़िंग़ ने सिद्धू मूसेवाला की बेरहमी से हत्या के मामले की जांच को लटकाए जाने और दिशा से भटकाए जाने की आशंका जाहिर की है। उन्होंने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से केस स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जांच धीमी गति से भी नहीं चल रही है, ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब पुलिस ने काम करना बंद कर दिया है और वह अन्य राज्यों की पुलिस पर निर्भर है। जिस पर उन्होंने किसी केंद्रीय एजैंसी से जांच करवाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के विभिन्न राज्यों में फैलने के मद्देनजर यह उचित होगा कि जांच किसी केंद्रीय एजैंसी के हवाले की जाए। वड़िंग़ ने कहा कि मूसेवाला की बेरहमीपूर्वक हत्या को 16 दिन बीत चुके हैं और पुलिस की स्थिति आज भी वैसी ही है, जैसी 29 मई को थी। जांच में अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है।

आम आदमी पार्टी को चुनाव प्रचार में पूरी कैबिनेट की जरूरत भी पड़ सकती है
संगरूर उप-चुनाव के लिए 6 मंत्रियों को नियुक्त करने पर बोलते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह राजा वड़िंग़ ने कहा कि चाहे ये अपने सभी मंत्रियों के अलावा, 2 मुख्यमंत्रियों भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को भी लगा दें, तब भी इन्हें यहां से हार का सामना करना पड़ेगा।  पार्टी उम्मीदवार दलवीर गोल्डी के समर्थन में वड़िंग़ ने कहा कि वास्तव में आप को 6 मंत्रियों और अपने सभी विधायकों को चुनाव प्रचार में लगाना पड़ा है, जो इस सच्चाई को सामने लाता है कि पार्टी हिल चुकी है और हलके में हार का डर उसे सता रहा है, जिसका नेतृत्व 3 माह पहले मान कर रहे थे। 

Content Writer

Vatika