पंजाब में दौड़ने लगीं 100 से ज्यादा बसें, 12 लाख की हुई कलैक्शन

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2020 - 11:25 AM (IST)

जालंधर(पुनीत): पंजाब में 100 से ज्यादा बसें अलग-अलग रास्तों पर चलने लगीं हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। शनिवार चली बसों से ट्रांसपोर्ट विभाग को 12 लाख से अधिक की कलैक्शन हुई है। जालंधर की बात करें तो 1233 यात्रियों को लेकर 60 बसें रवाना हुई। इनमें से लुधियाना के यात्री सबसे अधिक थे। इसके साथ ही जालंधर डिपो को 1.23 लाख रुपए की आय प्राप्त हुई है। यात्रियों की सुविधा के लिए ज्यादातर बसें लुधियाना के लिए रवाना हुई।

इसके साथ ही पठानकोट को जाने वाले मार्ग को जालंधर डिपो ने फिलहाल बंद कर दिया है क्योंकि पठानकोट ने अपने कई मार्ग चालू कर दिए हैं, जिस कारण पठानकोट डिपो की बसें जालंधर आनी शुरू हो गई हैं। लुधियाना के बाद ज्यादातर यात्री अमृतसर के लिए रवाना हुए। अधिकारियों के अनुसार पंजाब में 18 डिपुओं के औसतन प्रति डिपो के हिसाब से 6 के लगभग बसें चलाई जा रही हैं। सबसे अधिक बसें जालंधर, अमृतसर और लुधियाना डिपुओं से चल रही हैं क्योंकि यहां यात्रियों की संख्या सबसे अधिक है, वहीं अन्य शहरों में बसें चलाने की संख्या कम है।

यात्रियों की जांच के लिए 4 डॉक्टरों की टीम तैनात
पंजाब रोडवेज का स्टाफ बस अड्डे में यात्रियों की जांच कर रहा था लेकिन सावधानी के तौर पर सिविल अस्पताल के 4 डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। उक्त डॉक्टर यात्रियों की स्कैनिंग करके बसों में भेज रहे हैं। यात्रियों को सैनेटाइजर मुहैया करवाया जा रहा है। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की सेवाओं के लिए मुख्य दफ्तर से निर्देश प्राप्त हुए हैं। इस कारण अधिकारियों की ओर से लिखित में भेज कर मदद ली गई।

चण्डीगढ़ से बस सिर्फ 2 यात्रियों के साथ लौटी
पंजाब के 4 मार्ग जालंधर डिपो ने शुरू किए थे, जिनमें चण्डीगढ़, पठानकोट, लुधियाना और अमृतसर को शामिल किया गया। इनमें से पठानकोट का शनिवार को बंद कर दिया गया। वहीं चण्डीगढ़ के लिए रवाना हुई 1 बस सिर्फ 2 यात्रियों के साथ खाली लौट आई। इस कारण विभाग की ओर से यह मार्ग भी बंद कर दिया जाएगा।

 

Edited By

Sunita sarangal