इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम, शव के पास मिली सिरिंज ने खड़े किए कई सवाल

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 11:59 PM (IST)

गुरुहरसहाय (सुनील विक्की): गुरुहरसहाय में रेलवे पार्क के पास रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मालूम हो कि मृतक विक्रम सेठी युवक की उम्र 25 साल के करीब बताई जा रही है और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

उसके शव के पास एक सीरिंज भी पड़ी मिली, जिसके यह मौत नशे से होने की आशंका जाहिर की ज रही है। मृतक के पिता सुरिंदर सेठी ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता सहारा था और वह खुद श्री मुक्तसर साहिब कुटी मौड़ पर टायर वर्क्स का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ पड़ा है।

मृतक के पिता सुरेंद्र सेठी और चाचा नरेश सेठी ने सोशल मीडिया पर क्षेत्र के सियासी पार्टियों के नेताओं और पुलिस प्रशासन पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि हम ने इनसे कितनी बार गुहार लगाई कि शहर में नशा सरेआम बिक रहा है और इस पर ध्यान दिया जाए।

नशा बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए परंतु किसी की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जिसके कारण आज हमारे नौजवान बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में एक बार फिर नशे के बढ़ते प्रकोप को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा नशा बेचने वालों पर शिकंजा कसने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News