सांसद धर्मवीर गांधी ने पानी के मसले पर पंजाब-हरियाणा हाइकोर्ट में याचिका दाखिल की

punjabkesari.in Wednesday, Apr 04, 2018 - 05:18 PM (IST)

चंडीगढ़ः पटियाला से लोकसभा सांसद धर्मवीर गांधी ने पानी के मुद्दे पर बुधवार को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इसके बाद जारी एक बयान में धर्मवीर गांधी ने कहा कि पंजाब के कुदरती साधन से मिलने वाले पानी को बिना कोई कीमत लिए दूसरे राज्यों को देकर पंजाब को कंगाल किया जा रहा है। 


उन्होंने कहा कि पानी की समस्या के लिए कांग्रेस के साथ-साथ अकाली दल भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शुरू से ही पंजाब के साथ अन्याय किया है। गांधी ने कहा कि पंजाब के किसानों को ट्यूबवैलों पर निर्भर बना कर कर्ज के जाल में फंसा दिया गया है जिस कारण वे आत्महत्याएं करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आज जल स्तर गिरता जा रहा है। करीब आधा पंजाब डार्क जोन में आकर बंजर बनता जा रहा है।

 

डा. गांधी ने दरियाई पानी के मामले में रिपेरियन सिद्धांतों की वकालत भी की। उन्होंने कहा कि 1976 में इमरजैंसी दौरान इंदिरा गांधी ने पंजाब के साथ धक्केशाही की है। पंजाब के पास बचते 72 लाख एकड़ फुट पानी में से 35 लाख एकड़ फुट हरियाणा को और दो लाख एकड़ फुट दिल्ली को दिया गया।  डा. गांधी ने पंजाब में से गुजरते दरियाओं के पानी पर पंजाब का अधिकार कायम करने की मांग की है।  

Punjab Kesari