मुकेरियां-गुरदासपुर रोड पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार टिप्पर ने बरपाया कहर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 01:05 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): हादसों के लिए चर्चित मुकेरियां-गुरदासपुर मुख्य मार्ग पर आज एक और तेज रफ्तार हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार मिट्टी से लदा एक टिप्पर, जो पुराना शाला की ओर से गुरदासपुर की तरफ आ रहा था, ने चावा के पास स्टेडियम मोड़ के नजदीक एक मारुति आल्टो कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक राणा शुगर मिल का एक कर्मचारी अपनी मारुति आल्टो कार (नंबर PB 36 H 2450) में गुरदासपुर की ओर जा रहा था। जब वह चावा के पास स्टेडियम मोड़ के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने बेकाबू होकर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि चालक की जान बच गई।

पीड़ित ने बताया कि वह अपनी गाड़ी धीरे चला रहा था, लेकिन टिप्पर चालक ने लापरवाही से कार की साइड में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो गया। हादसे के बाद टिप्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे एसएसएफ (SSF) के कर्मचारियों और राहगीरों ने घायल चालक की मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा टिप्पर का नंबर नोट कर लिया गया और एसएसएफ कर्मचारियों के माध्यम से कंट्रोल रूम को सूचना दे दी गई है।

एसएसएफ कर्मचारियों के अनुसार उक्त टिप्पर द्वारा पिछले दिन भी एक अन्य हादसा किया गया था। पुलिस द्वारा टिप्पर की तलाश जारी है और जल्द ही उसे काबू करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित कार चालक ने फरार टिप्पर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उसे न्याय दिलाने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News