मुख्तार अंसारी को जबरन वसूली मामले में पंजाब की अदालत में किया गया पेश

punjabkesari.in Wednesday, Mar 31, 2021 - 01:12 PM (IST)

चंडीगढ़: विभिन्न मामलों में उत्तर प्रदेश में वांछित विधायक मुख्तार अंसारी को बुधवार को मोहाली की एक अदालत में 2019 की कथित जबरन वसूली के मामले में पेश किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई की तारीख 12 अप्रैल तय की। कड़ी सुरक्षा के बीच अंसारी को व्हीलचेयर में अदालत ले जाया गया। पेशी के बाद उसे एंबुलेंस से पंजाब के रूपनगर की जेल में वापस भेज दिया गया।

हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने पंजाब सरकार को अंसारी की हिरासत उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपने का निर्देश दिया था। शीर्ष अदालत ने कहा था कि मेडिकल मुद्दों की आड़ में मामूली आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस को अंसारी को नहीं सौंपा जा रहा है। शीर्ष अदालत ने यह भी कहा था कि अभियुक्त हो या विचाराधीन कैदी, जो कानून का उल्लंघन करता है, एक जेल से दूसरी जेल में भेजे जाने का विरोध नहीं कर सकता और जब किसी दंड के भय के बिना कानून को चुनौती दी जा रही हो तब अदालतें असहाय नहीं हो सकती हैं।

Content Writer

Vatika