बीमा कंपनी के नाम पर लाखों का Fraud, पुलिस ने आरोपियों पर दर्ज किया केस

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 03:16 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब/गिद्दड़बाहा(तनेजा, कटारिया): पुलिस और सरकार द्वारा समय-समय पर लोगों को साइबर ठगों के झांसे में न आने, अनजान फोन कॉलों से परहेज करने और जानकारी शेयर न करने के लिए जागरूक किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद ठगों द्वारा किसी न किसी व्यक्ति को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बना ही लिया जाता है।

ताजा मामला जिला श्री मुक्तसर साहिब के गिद्दड़बाहा से संबंधित है, जिसमें साइबर ठगों द्वारा एक व्यक्ति को बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने और पॉलिसी बंद करने के बहाने झांसे में लेकर लाखों रुपए का चूना लगा दिया। इस संबंधी थाना साइबर क्राइम श्री मुक्तसर साहिब की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता गुरदेव सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी गांव बुट्टर बखुआ, तहसील गिद्दड़बाहा, जिला श्री मुक्तसर साहिब ने बताया कि उनकी मैक्स लाइफ इंश्योरैंस कंपनी में चार जीवन बीमा पॉलिसियां चल रही हैं।

उसे 31 मार्च 2026 को दोपहर एक अज्ञात नंबर 89379-56443 से कॉल आई। फोन पर बोल रही एक अज्ञात लड़की ने दावा किया कि वह मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की हेड ब्रांच दिल्ली से बात कर रही है।

उक्त लड़की ने गुरदेव सिंह को कहा कि उनकी बीमा पॉलिसी का 30 प्रतिशत लाभ बीमा एजेंट को जा रहा है, क्योंकि एजेंट ने कस्टमर आई.डी. की जगह अपनी खुद की आई.डी. लगाई हुई है। उसने सलाह दी कि वह अपनी खुद की आई.डी. बनवाएं।

उसके द्वारा उकसाने पर गुरदेव सिंह ने कहा कि वह अपनी पॉलिसी का लाभ एजेंट को नहीं देना चाहते तो लड़की ने कहा कि वह पॉलिसी बंद कर देते हैं और भारतीय जीवन बीमा निगम के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा देते हैं।

कुछ समय बाद उसने शिकायत नंबर 8927 जी.बी.आई.सी.11 नोट करवाया और कहा कि 24 घंटे के अंदर फोन आएगा और यह शिकायत नंबर मांगकर पॉलिसी बंद कर दी जाएगी।

इसके बाद बातों में लेकर उक्त अज्ञात ठगों ने 21 दिनों में अलग-अलग बैंक खातों में 7 लाख 31 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उक्त नंबरों पर संपर्क नहीं हुआ तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत साइबर पुलिस को शिकायत दी।

साइबर क्राइम थाना श्री मुक्तसर साहिब द्वारा मामले की जांच के बाद 09 सितंबर 2026 को अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा नंबर 14, धारा 318(4) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की अगली तफ्तीश इंस्पैक्टर रजनीबाला द्वारा की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News