लुधियाना नगर निगम की एफएंडसीसी गठित, दो विधायकों के बेटों को मिली सदस्यता
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 03:29 PM (IST)
लुधियाना(हितेश): नगर निगम के मौजूदा जनरल हाउस के गठन के करीब सवा साल बाद आखिरकार फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी का गठन पूरा हो गया है। इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दो नए सदस्यों की नियुक्ति की गई।
जारी आदेशों के अनुसार, अमन बग्गा और युवराज सिद्धू को एफएंडसीसी का सदस्य बनाया गया है। दोनों ही मौजूदा विधायकों के बेटे हैं। इससे पहले कमेटी में शामिल सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर भी विधायक अशोक पराशर के भाई हैं। ऐसे में अब एफएंडसीसी में विधायकों के तीन करीबी रिश्तेदार शामिल हो गए हैं।
नगर निगम की फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी वित्तीय मामलों में सबसे महत्वपूर्ण समिति मानी जाती है। नगर निगम के किसी भी नए विकास कार्य, परियोजना या टेंडर को अंतिम मंजूरी देने से पहले एफएंडसीसी की स्वीकृति जरूरी होती है। इसके बाद ही प्रस्ताव जनरल हाउस में अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाता है। एफएंडसीसी में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, नगर निगम आयुक्त के अलावा पार्षदों में से दो सदस्यों को शामिल किया जाता है। इन सदस्यों का चयन या तो जनरल हाउस में मतदान के जरिए होता है या फिर जनरल हाउस मेयर को उन्हें नामित करने का अधिकार देता है। करीब सवा साल की देरी के बाद अब एफएंडसीसी के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है, जिससे नगर निगम के वित्तीय और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

