पति बना हैवान,विवाहिता का गला काट उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Monday, May 07, 2018 - 07:25 AM (IST)

जालंधर(महेश): थाना सदर के क्षेत्र जंडियाला मंजकी में पति द्वारा चाकू से गला काटकर अपनी पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। रविवार को सुबह हुई उक्त वारदात संबंधी राम सरूप पुत्र सुखदेव राज निवासी पत्ती सान की जंडियाला मंजकी ने पुलिस को सूचित किया। थाना सदर के एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह औलख व जंडियाला पुलिस चौकी के प्रभारी मेजर सिंह रियाड़ मौके पर पहुंचे तो रिंकी (20) पत्नी राज कुमार निवासी जिला महिराजगंज (यू.पी.) का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला।

पुलिस के पहुंचने पर भी मृतका रिंकी के गले में चाकू लगा हुआ था। पुलिस उसे वहां से उठाकर सिविल अस्पताल जंडियाला ले आई जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से बिहार की रहने वाली रिंकी की शादी 10 माह पहले राज कुमार से हुई थी। शादी के बाद राज कुमार उसे जंडियाला ले आया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि रिंकी के पति राज कुमार ने उसकी हत्या बहुत बेरहमी से की है। पहले उसे बुरी तरह से पीटा और बाद में चाकू के साथ गर्दन के अलावा हाथों पर कई वार किए। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चुनरी से बांध कर पंखे से लटका दिया। मृतका के कमरे में जमीन पर खून ही खून बिखरा पड़ा था।

फरार पति के खिलाफ 302 के तहत केस दर्ज
अपनी पत्नी रिंकी की हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी पति राज कुमार के खिलाफ थाना सदर में आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए देर रात तक पुलिस संदिग्ध स्थानों पर रेड कर रही थी। चर्चा थी कि आरोपी राज कुमार पुलिस के हाथ लग गया है लेकिन एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह औलख ने इस बात से इंकार करते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

आरोपी मामा के बेटे की दुकान पर करता है काम 
पत्नी को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी राज कुमार जंडियाला में ही स्थित अपने मामा के बेटे अजय की चुन्नियां रंगने की दुकान पर काम करता है। आजकल मामा का बेटा गांव गया हुआ था जिस कारण राज कुमार ही दुकान संभाल रहा था।

पत्नी से अक्सर रहता था झगड़ा
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी राज कुमार का अपनी पत्नी रिंकी से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता ही रहता था। यह सिलसिला शादी के बाद से ही शुरू हो गया था लेकिन इस झगड़े के पीछे कारण क्या था यह स्पष्ट नहीं हो पाया। पुलिस कह रही है कि आरोपी के पकड़े जाने पर ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

अंधविश्वास का भी शिकार था आरोपी 
आरोपी राज कुमार के जान-पहचान वालों से पता चला है कि वह अंधविश्वास का भी शिकार था और उनसे ऐसी बातें अक्सर करता था। पत्नी की हत्या का कारण अंधविश्वास भी हो सकता है। राज कुमार के नशा इत्यादि किए जाने की अभी तक कोई बात सामने नहीं आई है। 

मायके वालों के आने पर होगा पोस्टमार्टम
मृतका रिंकी के मायके वालों को उसकी मौत के बारे में सूचना दे दी गई है जो बिहार से जालंधर के लिए चल पड़े हैं। इंस्पैक्टर सुखदेव सिंह औलख व एस.आई. मेजर सिंह रियाड़ ने बताया कि उनके आने के बाद ही रिंकी का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। रिंकी के शव को सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिवार वालों के भी बयान कलमबद्ध किए जाएंगे।

Anjna