पत्नी की हत्या के बाद श्मशानघाट में जाकर छिपा था पति,गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, May 08, 2018 - 09:06 AM (IST)

जालंधर (महेश): रविवार की सुबह को अपनी 20 साल की पत्नी रिंकी की हत्या करने के बाद जंडियाला के श्मशानघाट में जाकर छिपे आरोपी पति राज कुमार को आज एस.एच.ओ. सुखदेव सिंह औलख के नेतृत्व में थाना सदर की पुलिस चौकी जंडियाला के प्रभारी एस.आई. मेजर सिंह रयाड़ ने गिरफ्तार कर लिया है।

ए.सी.पी. कैंट मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि आरोपी राज कुमार पुत्र रतन निवासी यू.पी. जंडियाला बाजार में स्थित डाकखाने वाली बिल्डिंग में छत पर बने हुए कमरे में अपनी पत्नी रिंकी के साथ रहता था। 10 माह पहले उसकी रिंकी से शादी हुई थी। शादी के बाद ही दोनों में विवाद रहता था। वह करीब 20-25 दिन पहले ही पत्नी को लेकर जंडियाला आया था। उसने बताया कि पत्नी से शनिवार देर रात को उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने रविवार को सुबह 8 बजे उसकी चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी और खुद मौके से फरार हो गया।

पत्नी की गर्दन काटने से पहले आरोपी ने उसे चुनरी से बांधकर बेरहमी से पीटा भी था। पुलिस ने मौके से वारदात को अंजाम देने के लिए प्रयोग किया गया चाकू तथा पंखे से लटक रही चुनरी भी बरामद कर ली थी। ए.सी.पी. ढिल्लों ने बताया कि उक्त वारदात के बारे में पुलिस को बिल्डिंग के मालिक सुनार रामसरूप बिल्ला पुत्र सुखदेव राज निवासी पत्तीसान की जंडियाला ने सूचना दी थी, जिसके बाद इंस्पैक्टर सुखदेव सिंह औलख व सब-इंस्पैक्टर मेजर सिंह रयाड़ ने मौके पर पहुंच कर जांच के बाद रिंकी के पति राज कुमार के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने आज गुप्त सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

ए.सी.पी. ढिल्लों ने बताया कि मृतका रिंकी के परिजन कल सुबह जालंधर पहुंच रहे हैं। उनके बयान भी लिए जाएंगे। रिंकी का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौैंप दिया जाएगा। 

Anjna