नलके की हत्थी से वार कर भाई को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Monday, Jul 23, 2018 - 08:42 AM (IST)

मोगा(आजाद): थाना समालसर अधीन पड़ते गांव संतूवाला (सुखानंद) में राजिन्द्र सिंह उर्फ राजा सिंह द्वारा मामूली विवाद को लेकर अपने छोटे भाई गुरजीत सिंह (35) पुत्र जोगिन्द्र सिंह  की देर रात नलके की हत्थी मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर बाघापुराना के डी.एस.पी. सुखदीप सिंह, थाना समालसर के प्रभारी लवदीप सिंह गिल, सहायक थानेदार जगजीत सिंह व बसंत सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे तथा जांच के अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ की।

थाना समालसर के प्रभारी इंस्पैक्टर लवदीप सिंह गिल ने बताया कि मृतक गुरजीत सिंह मेहनत-मजदूरी का काम करता था। उसके भाई कथित आरोपी राजिन्द्र सिंह उर्फ राजा सिंह का अपनी पत्नी के साथ विवाद होने के कारण करीब 10-12 वर्ष पहले वह उसको छोड़कर मायके घर चली गई थी, जिस कारण राजिन्द्र सिंह घर कभी-कभी आता था। अब वह करीब 10 दिन से गांव आया हुआ था, जिसका मृतक की पत्नी बिन्द्र कौर विरोध कर रही थी। वह इसी कारण अपने मायके गांव पक्का कलां (फरीदकोट) चली गई थी।

उन्होंने बताया कि इनकी बहन परमजीत कौर उर्फ गोमा जिसका विवाह कोटला रायका में हुआ है, भी अपने ससुरालियों के साथ कथित विवाद के कारण 6 महीने से उनके पास रह रही थी। उसको लेने के लिए पंचायत भी आई, लेकिन उसने जाने से इंकार कर दिया। इस कारण घर में विवाद हो गया। गत रात्रि गुरजीत सिंह अपनी बहन परमजीत कौर से मोबाइल फोन की सिम मांग रहा था। उसने देने से इंकार कर दिया तथा दोनों बहन-भाई के बीच लड़ाई-झगड़ा हो गया, जिसका कथित आरोपी बड़े भाई राजिन्द्र सिंह ने विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों भाइयों में हाथापाई हो गई। पड़ोस में रहते लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयत्न किया तथा सुखमंदर सिंह अपनी भतीजी परमजीत कौर व भतीजे कथित आरोपी राजिन्द्र सिंह उर्फ राजा सिंह को अपने घर ले गया। 

देर रात राजिन्द्र सिंह दीवार फांदकर अपने घर आया तथा उसने सोए अपने छोटे भाई गुरजीत सिंह पर नलके की हत्थी से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। इस दौरान शोर मचाने पर उसका चाचा व बहन के अलावा अन्य लोग भी आ गए, जिन्होंने बुरी तरह से घायल गुरजीत सिंह को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया। डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मैडीकल कालेज फरीदकोट भेज दिया, जहां गुरजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। 

थाना प्रभारी इंस्पैक्टर लवदीप सिंह ने कहा कि गुरजीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा रखा गया है। मृतक की पत्नी बिन्द्र कौर को बुलाया जा रहा है, जिसके बयानों पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी तथा शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कथित आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसके काबू में आ जाने की संभावना है।थाना समालसर के प्रभारी इंस्पैक्टर लवदीप सिंह गिल ने बताया कि मृतक की पत्नी बिन्द्र कौर के बयानों पर उसके जेठ कथित आरोपी राजिन्द्र सिंह उर्फ राजा सिंह पुत्र जोगिन्द्र सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

swetha