लड़की के चक्कर में दोस्त बने दुश्मन, वायरल वीडियो ने खोले चौंकाने वाले राज

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2020 - 01:21 PM (IST)

जालंधर (सोनू): जालंधर केंट के लालकुर्ती बाज़ार में हत्या किए गए 17 वर्षीय अरमान के मामले में हैरानीजन बात सामने आई है। दरअसल अरमान की हत्या करने से पहले की उसकी एक वीडियो सामने आई है, जिसे उसके कातिल दोस्त ने ही बनाया है। इस वीडियो में उसका दोस्त अरमान के सिर और चेहरे पर बेट से हमला करता है और उसका गला दबा देता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में साफ़ नज़र आ रहा है कि अरमान और उसका दोस्त मज़ाक में कत्ल की वीडियो बना रहे हैं। अरमान कुर्सी पर बैठा नज़र आता है और उसका दोस्त पीछे से आकर उसके सिर और चेहरे पर बेट के साथ हमला कर देता है। हंसी में बनाई वीडियो के ज़रिए ही उसके दोस्त ने योजनाबंद तरीके से  इस वारदात को अंजाम दिया। बनाई गई इस वीडियो को लेकर अरमान को क्या पता था कि उसका दोस्त उसी वीडियो को सच में अंजाम देकर उसका कत्ल कर देगा।

सिर्फ़ 24 घंटे में ही पुलिस ने अरमान कत्ल केस को किया था ट्रेस
 एन. आर. आई. दविन्दर कुमार के  12वीं में पढ़ते बेटे अरमान का कत्ल करने वाले आरोपी को कमिशनरेट पुलिस ने सिर्फ़ 24 घंटों में ही गिरफ़्तार करने में सफलता हासिल की। उक्त जानकारी पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को देते हुए बताया कि अरमान का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका अपना ही एक नाबालिग दोस्त है, जोकि एक लड़की को पसंद करता था जबकि वह लड़की अरमान को पसंद करती थी। इसी वजह से वह अरमान का दुश्मन बन गया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस कमिशनर ने इस कत्ल केस को कुछ ही समय में ट्रेस करने में मुख्य तौर पर भूमिका निभाने वाले ए. सी. पी. जालंधर कैंट (सब -डिवीज़न -5) मेजर सिंह और थाना जालंधर कैंट के प्रमुख इंस्पेक्टर रामपाल समेत अन्य पुलिस आधिकारियों और मुलाजिमों की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें इनाम देने का भी ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद अरमान के दादा अशोक कुमार के बयानों पर थाना जालंधर कैंट में आई. पी. सी. की धारा 302 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था। मृतक पोस्टमार्टम करवा कर लाश परिजनों को सौंप दी है।

वारदात के समय अरमान घर में था अकेला 
वारदात के समय अरमान घर में अकेला था, जिस बारे उसके दोस्त को जानकारी थी, जिसने उसे मारने की पूरी योजना बनाई हुई थी और इसी योजना के तहत वह अरमान के घर में चला गया। अरमान की मां और बहन हिमाचल गई हुई थीं। पिता फ्रांस में रहते हैं। दादा -दादी अरमान के घर से थोड़ा दूर अलग घर में रहते हैं। दादा अशोक कुमार जब शाम के समय अरमान को मिलने उसके घर पहुंचे तो वह ख़ून से लथपथ ज़मीन पर पड़ा हुआ था और उसका कत्ल करने वाला आरोपी मौके से फ़रार हो चुका था। आरोपी को बुधवार सुबह थाना कैंट की पुलिस अदालत में पेश करेगी।

नाबालिग होने के कारण नाम और पता गुप्त रखा
कमिशनरेट पुलिस ने आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसका नाम और पता सार्वजनिक नहीं किया। न मीडिया को उसकी तस्वीर दी। आरोपी की उम्र भी 16 -17 साल में ही बताई जा रही है। अरमान और आरोपी पहले इकठ्ठा ही पढ़ते थे। बाद में अलग हो गए। हत्या का कारण बनी लड़की भी उनके साथ ही पढ़ती थी।

गिरफ़्तार आरोपी बोला,'नहीं पता था कि अंजाम क्या होगा'
गिरफ़्तार किए गए आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसे यह नहीं पता था कि अरमान की हत्या करने के बाद अंजाम क्या होगा। उसने कहा कि उसने गुस्से में ही उसकी जान ले ली। अब उसे भी लग रहा है कि उसने जो किया, वह बहुत गलत था। आरोपी के पास से काफ़ी देर तक पूछताछ किए जाने के बाद उसकी गिरफ़्तारी दिखाई गई। 

Vatika