मुख्य सेवादार ने की सेवादार की हत्या, कमरे में शव रखकर फरार हुए आरोपी की भी हुई मौत

punjabkesari.in Monday, Jan 04, 2021 - 10:08 PM (IST)

जालंधर (महेश): जंडियाला-फगवाड़ा रोड पर थाना सदर के अधीन पड़ते गांव समराए में कैले जठेरों के स्थान पर मुख्य सेवादार द्वारा सेवादार की किसी तेजधार हथियार से हत्या कर उसका शव अपने ही कमरे में बंद कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हुए आरोपी की भी मौत हो जाने का मामला सामने आया है। हांलांकि थाना सदर में उसके खिलाफ सेवादार की हत्या को लेकर आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया था। 

थाना सदर के प्रभारी इंस्पैक्टर कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक सेवादार पाल चंद पुत्र अमर चंद निवासी गांव समराए जिला जालंधर का शव रविवार को पुलिस ने कैले जठेरों के स्थान पर आरोपी मुख्य सेवादार विसाखा राम पुत्र किशना राम निवासी गांव बीर पिंड थाना सदर नकोदर के कमरे से बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर शुरू की गई जांच में पता चला कि आरोपी विसाखा राम ने 23 दिसम्बर की रात को वारदात को अंजाम दिया था और बाद में मौके से फरार हो गया था। पाल चंद सेवादार का शव 10 दिन तक विसाखा राम के कमरे में ही पड़ा रहा, जिसके चलते उसके शरीर से बदबू आ रही थी। 

यह भी पता चला है कि वारदात से करीब तीन माह पहले भी मुख्य सेवादार विसाखा राम व सेवादार पाल चंद में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पाल चंद जठेरों के स्थान से कहीं चला गया था। अब वह रविवार को ही दोबारा जठेरों के स्थान पर पहुंचा था। उसके दोबारा आते ही दोनों में फिर झगड़ा हो गया और विसाखा राम ने किसी तेजधार हथियार से पाल चंद के मूंह पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घबराहट में आए आरोपी ने पाल चंद का शव अपने ही कमरे में रखकर उसे ताला लगा दिया। विसाखा राम ने जठेरों के स्थान से जाते समय कमेटी को बता दिया था कि वह जा रहा है और अब वह जठेरों स्थान पर रहकर और सेवा नहीं करेगा। पुलिस को बाद में पता चला कि आरोपी विसाखा राम ने भी अपने घर में ही दम तोड़ दिया है। 

एस.एच.ओ. कमलजीत सिंह ने बताया कि मृतक सेवादार पाल चंद का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। आरोपी विसाखा राम का भी उसके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।

Mohit