गुरदासपुर में हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, SSP दफ्तर जा रहे परिजनों को पुलिस ने रास्ते में रोका
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 12:06 PM (IST)
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): जिले के काहनूवान कस्बे में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति के कथित अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देने का ऐलान किया था।
हालांकि, धरना स्थल तक पहुंचने से पहले ही बब्बेहाली गांव के पास पुलिस ने परिजनों और उनके समर्थन में जा रहे किसानों को रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते उनके परिवार के सदस्य का अपहरण कर हत्या कर दी गई, लेकिन घटना के बाद भी नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी के विरोध में परिवार ने किसानों के साथ मिलकर एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देने का फैसला किया था।
वहीं, पुलिस द्वारा रास्ते में रोके जाने के बाद कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने से रोका जा रहा है, जबकि उनकी मांग केवल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की है।

