कुत्ते को पत्थर मारने से रोका तो चाकू से गोदकर मार दिया अधेड़, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

punjabkesari.in Thursday, Feb 11, 2021 - 04:56 PM (IST)

लुधियाना: कोरोना लॉकडाऊन के समय से चली आ रही पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति को बरोटा रोड पर घर के बाहर अकेला पाकर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोरा सिंह ( 55) अपने घर के बाहर खड़ा था। इस दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार गली से गुजर रहा था तो उसे देख आवारा कुत्ता भौंकने लगा। मोटरसाइकिल सवार ने गुस्से में आकर कुत्ते को पत्थर मारने शुरू कर दिए। उसे ऐसा करने से रोका तो उक्त युवक ने जोरा सिंह से हाथापाई करते हुए उसे चाकू से वार करके लहूलुहान कर दिया कर दिया और फरार हो गया। घायल जोरा सिंह को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना देर शाम 6.30 बजे की है। थाना शिमलापुरी की पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पहले दी शिकायत पर पुलिस ने नहीं की थी कार्रवाई
वारदात के बाद इलाके सनसनी फैल गई। इलाका निवासियों का कहना है कि आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ पहले भी लॉकडाऊन के दौरान हुई लड़ाई की शिकायत पुलिस को दी हुई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई जिसका खामियाजा आज जोरा सिंह को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। घटना का मौका मुआयना करने पहुंचे ए.सी.पी. संदीप वढेेरा, सब-इंस्पैक्टर बलकार सिंह व चौकी इंचार्ज गुरबख्शीश सिंह ने हर पहलू से घटनास्थल पर जांच की ओर आरोपियों को जल्द पकडऩे का परिवार का भरोसा दिया। मृतक जोरा सिंह अपने पीछे अपनी पत्नी, 2 लड़के व 1 लड़की को छोड़ गया है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने मृतक जोरा सिंह के बेटे करमजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी रिंकू के विरुद्ध धारा-302 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के घर पर पुलिस ने रेड की जहां से वह फरार पाया गया।गली में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में वारदात कैद हो गई जिसमें आरोपी जोरा सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार उसने जोरा सिंह पर 20 से अधिक बार चाकू से वार किए गए लेकिन उसे को छुडवानें की किसी ने कोशिश नहीं की।
 

Content Writer

Vatika