शादी के 3 महीने बाद कसाई बना पति, 18 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से ह+त्या

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 12:25 PM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के लोहारा रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह नगर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक कसाई बने पति ने अपनी ही 18 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से कत्ल कर दिया। आरोपी पति वारदात को अंजाम देकर बिहार भाग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका सुमन और उसका पति अमन, जो कि मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे, लोहारा रोड पर किराए के मकान में रहकर दिहाड़ी-मजदूरी करते थे। 22 मार्च को पड़ोसियों को शक हुआ क्योंकि दंपत्ति पिछले दो दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और कमरे से अजीब सी दुर्गंध आ रही थी। मकान मालिक की सूचना पर जब स्थानीय लोगों ने कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख सबकी रूह कांप गई। कमरे के अंदर सुमन की लाश पड़ी हुई थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची थाना डाबा की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जोड़े की शादी महज 3 महीने पहले ही हुई थी। दोनों सुनहरे भविष्य के सपने लेकर लुधियाना काम करने आए थे, लेकिन किसे पता था कि यह सफर इतनी जल्दी और इस तरह खत्म होगा।

शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी अमन ने सुमन का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. रविंद्र कुमार ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पीछा किया और उसे बिहार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। ए.एस.आई. ने बताया कि "अमन अभी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है और बार-बार अपने बयान बदल रहा है। अभी तक उसने अपना जुर्म पूरी तरह कबूल नहीं किया है।" फिलहाल पूछताछ चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News