तेजधार हथियारों से युवक का कत्ल, अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण हुआ माहौल

punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2023 - 12:23 PM (IST)

श्री चमकौर साहिब : गत रात 2 युवकों पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में एक की मौत हो गई दबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जानकारी देते बताया कि सुखविंदर सिंह पुत्र प्रेम चंद निवासी गांव बसी गुजरां के बयानों के आधार पर कथित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 

थाना प्रमुख हर्ष मोहन ने बताया कि सुखविंदर ने जानकारी देते कहा कि वह श्री चमकौर साहिब से अपने गांव जा रहा था। धोलरां के पुल के नजदीक ओंकार सिंह उर्फ राजन निवासी गांव बसी गुजरां, दमनप्रीत सिंह निवासी श्री चमकौर साहिब, नवजोत सिंह नवी निवासी राएपुर सहित 2-3 अज्ञात व्यक्ति रोड, डंडे और तेजधार हथियार लेकर खड़े थे। वह उसके भतीजे धीरज कुमार और सुखदेव सिंह निुवासी रत्तों थाना खमानों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे।

सुखविंदर ने बताया कि आरोपियों ने उसके भतीजे पर तेजधार हथियारों से हमला किया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर गांव के और लोग भी वहां पहुंच गए जिसके कारण हमलावर भाग निकले। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने धीरज को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद 2 व्यक्ति अस्पताल भर्ती हो गए और साथ ही मृतक के पारिवारिक मैंबर और गांववाले भी अस्पताल पहुंच गए। 

किसी भी तरह की अप्रिय घटना को टालने के लिए पुलिस मृतक के परिवार को देर रात तक शांत करती रही पर वह अस्पताल में ही धरने पर बैठ गए और कहने लगे कि आरोपियों को उनके हवाले कर दिया जाए उन्हें बदला लेना है। स्थिति बेकाबू होती देख स्थानीय डी.एस.पी. जरनैल सिंह भी आधी रात पहुंचे जबकि मृतक के शुभचिंतकों का गुस्सा कम नहीं हो रहा था और आसपास के गांवों के लोग भी पहुंचने शुरू हो गए थे। इसके बाद मौके पर अन्य फोर्स लेकर डी.एस.पी. तरलोचन सिंह और मनजीत सिंह भी पहुंच गए।

धरने पर बैठे मृतक के पारिवारिक मैंबर पुलिस पर हमलावरों को बचाने के आरोप लगा रहे थे और सख्त कार्रवाई की मांग भी कर रहे थे जबकि डी.एस.पी. जरनैल सिंह ने बताया कि वे हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। इस दौरान लगभग सुबह 2 बजे पुलिस हमलावरों को अस्पताल से थाने ले गई और मृतक के पारिवारिक मैंबरों के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया गया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal