अज्ञात ने गोली मार कर की कांग्रेसी नेता की हत्या

punjabkesari.in Monday, May 21, 2018 - 10:02 AM (IST)

मानसा  (जस्सल): मानसा कैंचियां चौक में गाड़ी सवार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक नौजवान कांग्रेसी नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। हमलावरों का मौके पर कुछ भी पता नहीं चल सका। मामले की पुलिस जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी अनुसार मानसा जिले के गांव जटाना कलां का निवासी कांग्रेसी नेता सुखविन्द्र सिंह (35) शाम लगभग 6 बजे गाड़ी में सवार होकर अपने गांव की तरफ जा रहा था। इस दौरान जब वह किसी काम के लिए मानसा कैंचियां पर गाड़ी रोक कर उतरा तो उसके पीछे गाड़ी से उतरे कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने 6 गोलियां दाग दीं, जो उसके सिर, टांग व शरीर के अन्य हिस्से में लगीं, जिससे सुखविन्द्र सिंह की मौत हो गई। उसकी लाश को सिविल अस्पताल मानसा रखवाया गया है। 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शहर के चारों तरफ नाकाबंदी कर इसकी रिपोर्ट सभी थानों को दे दी। थाना सदर मानसा के प्रमुख मोहन लाल ने बताया कि यह मामला कुछ व्यक्तियों में आपसी पुरानी रंजिश का हो सकता है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर देर रात तक पुलिस बड़ी संख्या में कार्रवाई में जुटी रही।

Punjab Kesari