डेरा प्रेमी महिंद्रपाल सिंह की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

punjabkesari.in Saturday, Jun 22, 2019 - 10:37 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने नाभा जेल में बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य दोषी पर हुए घातक हमले की जांच के आदेश जारी किए हैं और उन्होंने हमलावरों के लिए सख्त सजा की चेतावनी दी है।

एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार ए.डी.जी.पी. जेल रोहित चौधरी तथ्यों की जांच कमेटी के प्रमुख होंगे और कमेटी को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। दोषी महिंद्रपाल बिट्टू की हत्या में अनिवार्य न्यायिक जांच के अलावा यह जांच होगी। बिट्टू को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। इस हमले के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने राज्यभर में कड़े सुरक्षा प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी समुदायों को शान्ति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमलावरों को इस जुर्म के लिए कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा। 

प्रवक्ता के अनुसार यह घटना शाम 5:15 बजे उस समय घटी जब बिट्टू पर दूसरे कैदियों ने हमला कर दिया। उसे नाभा के सिविल अस्पताल में लेजाया गया जहां उसे मृतघोषित कर दिया गया। प्रवक्ता के अनुसार प्राथमिक जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि फरीदकोट के बिट्टू (49) पर गुरसेवक सिंह और मनिन्दर सिंह द्वारा हमला किया गया जोकि एक कत्ल के केस में जेल में थे।

Vaneet