पंजाब में बड़ी वारदात : मामूली तकरार के बाद व्यक्ति को उतारा मौ/त के घाट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2024 - 02:29 PM (IST)

हरिके पत्तन : कस्बे के नजदीकी गांव सभरा में आज सुबह एक व्यक्ति द्वारा कृपाण से युवक की हत्या कर दी गई। इस संबंध में मृतक के परिजनों में से दर्शन सिंह सभरा ने बताया कि गांव सभरा का निवासी युवक सुखराज सिंह उर्फ ​​कालू पुत्र अमरीक सिंह उम्र लगभग 38 वर्ष अपने काम के लिए घर से बाहर निकल कर गया था कि अचानक गांव के व्यक्ति सुखचैन सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी सभरा द्वारा कृपाण से उसकी हत्या कर दी गई।      

दूसरी ओर हत्या करने वाले व्यक्ति सुखचैन सिंह ने बताया कि उक्त युवक उसके पास बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान उसने सुखराज को बीड़ी थोड़ा दूर होकर पीने के लिए कहा। इस पर सुखराज ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरु कर दी। इस पर गुस्से में आकर उसने कृपाण से सुखराज पर 2 वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एस.एच.ओ. परमजीत सिंह ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के बीच कोई रंजिश नहीं थी। बीड़ी पीने को लेकर हुई तकरार के बाद ही यह हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई कृपाण भी बरामद कर ली गई है।   

वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी मांग है कि सुखराज की हत्या करने वाले व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए। इस मौके पर डी.एस.पी. पट्टी और एस.एच.ओ. परमजीत सिंह पट्टी मौड़ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर मृतक के भाई के बयानों पर आरोपी सुखचैन सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी सभरा के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

News Editor

Kalash