नंबरदार की ह''त्या मामला, सगे भतीजे पर केस दर्ज
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 01:51 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): हाजीपुर पुलिस ने नम्बरदार मास्टर महिंदर सिंह की हत्या के मामले में उनकी पत्नी के बयानों पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एस.एच.ओ. हरप्रेम सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयानों में निर्मला देवी पत्नी महिंदर सिंह निवासी पड़ा मोहल्ला, हाजीपुर ने बताया कि 6 सितम्बर की शाम करीब 7:30 बजे वह और उनकी बड़ी बेटी ममता घर में मौजूद थी। इसी दौरान बाहर गली में से शोर की आवाज सुनकर जब उन्होंने छत पर जाकर देखा, तो सामने वाली गली में सरबजीत सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी पड़ा मोहल्ला, हाजीपुर दातर से उनके पति महिंदर सिंह की गर्दन, सिर, बाजुओं और शरीर के अन्य हिस्सों पर जानलेवा वार कर रहा था।
घटनास्थल के पास ही उनकी स्कूटी नम्बर पी.बी.07-ए.एफ.-5793 और आटे की बोरी गिरी पड़ी थी। निर्मला देवी द्वारा शोर मचाने पर जब मोहल्ला निवासी मौके पर इकट्ठा होने लगे, तो सरबजीत सिंह दातर समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिंदर सिंह को तुरंत सरकारी अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सरबजीत सिंह, मृतक महिंदर सिंह का सगा भतीजा है। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा था, जिस रंजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया। हाजीपुर पुलिस ने निर्मला देवी के बयानों के आधार पर सरबजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

