ढींढसा और फूलका नहीं लौटाएंगे राष्ट्रीय पुरस्कार, कहा- अफवाह उड़ाई जा रही है

punjabkesari.in Wednesday, Jan 30, 2019 - 06:55 PM (IST)

जालंधर(बुलंद): गत दिनों गणतंत्र दिवस के अवसर पर एलाने गए राष्ट्रीय पुरस्कारों में अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखदेव सिंह ढींढसा को पद्म भूषण व आप के पूर्व नेता एडवोकेट एच.एस. फूलका को पद्मश्री का पुरस्कार देने का ऐलान किया गया था। जिसके बाद गत दिनों कुछ अखबारों में ऐसी चर्चा देखने को मिली थी कि ये दोनों नेता अपने राष्ट्रीय पुरस्कार लेने से इंकार कर सकते हैं लेकिन इन बातों को दोनों नेताओं ने सिरे से नकारते हुए इन्हें सिर्फ अफवाह बताया।

क्या कहना है सुखदेव सिंह ढींढसा का
पंजाब केसरी से खास बातचीत करते हुए सुखदेव सिंह ढींढसा ने कहा कि किसी भी नागरिक के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करना सम्मानजनक बात है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी को राष्ट्रीय पुरस्कार देना होता है तो पुरस्कार कमेटी उसकी राय लेती है तभी पुरस्कार दिया जाता है। ऐसे मे पुरस्कार लेने से इनकार करना गलत होगा। उन्होंने कहा कि यह किसी प्रकार की अफवाह उड़ाई जा रही है जो कि सरासर गलत है। 

क्या कहना है एच.एस. फूलका का
इसी प्रकार एडवोकेट एच.एस. फूलका ने हमसे बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें भारत सरकार की ओर से मानव अधिकारों के लिए लड़ाई लडऩे के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। जिसके लिए वो राष्ट्रपति और भारत सरकार के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा कि यह अवार्ड उन सारे लोगों को समर्पित है जो कि मानव अधिकारों के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका नाम इस अवार्ड के लिए उन्होंने न तो खुद ही अपना नाम आगे पेश किया और न ही उन्हें पता है कि किसने उनका नाम इस पुरस्कार के लिए पेश किया। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में यह पुरस्कार वापिस नहीं किया जाएगा। क्योंकि यह एक समानीय बात है।
 

Vaneet