महिला वर्ग में साक्षी मलिक व विनेश फोगाट ने स्वर्ण पदक जीते

punjabkesari.in Sunday, Dec 01, 2019 - 11:11 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): रेलवे की ओर से खेलते हुए अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला पहलवानों साक्षी मलिक व विनेश फोगाट ने 64वीं पुरुष व 22वीं महिला सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप के महिला वर्ग में अपने-अपने भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीता है। मेजबान पंजाब की महिला पहलवान गुरशरणप्रीत ने 76 किलोग्राम में अपने राज्य के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबलों के 79 किलोग्राम भार वर्ग में संदीप ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। स्थानीय पी.ए.पी. जालंधर के एम.एस. भुल्लर इंडोर स्टेडियम में हुई चैम्पियनशिप के बारे में पहलवान करतार सिंह ने बताया कि इस 3 दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन महिला वर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबले करवाए गए। 

वहीं 55 किलोग्राम भार वर्ग में विश्व महिला कुश्ती चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता विनेश फोगाट ने अपने नियमित भार वर्ग 53 किलोग्राम की बजाय 55 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी किस्मत आजमाई। रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रही विनेश को हरियाणा की पहलवान अंजू ने फाइनल में कड़ी चुनौती पेश की। टोक्यो 2020 ओलिम्पिक खेलों में भारत की इस वर्ग की सबसे मजबूत दावेदार विनेश फोगाट से युवा पहलवान अंजू ने भी जोर-अजमाइश की, पर अंतत: फोगाट ने यह मुकाबला 7-4 के अंतर से जीतते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

62 किलोग्राम भार वर्ग में रियो ओलिम्पिक खेलों की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने भी रेलवे की ओर खेलते हुए टीम के लिए स्वर्ण पदक जीता। साक्षी को अपने भार वर्ग में दिल्ली की निशा से सख्त चुनौती मिली। फाइनल मुकाबले में भी साक्षी ने हरियाणा की ही राधिका को सख्त मुकाबले में 4-2 से पराजित किया। 68 किलोग्राम भार वर्ग में 2010 की राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान अनीता शौरोन ने मां बनने के बाद शानदार ढंग से कुश्ती की दुनिया में वापसी की। अनीता ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में एशियन खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली पहलवान दिव्या काकरन को पराजित कर अपना वर्चस्व कायम किया। अनीता हरियाणा व दिव्या रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रही थी। 

इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दूसरे दिन पूर्व डी.जी.पी. महल सिंह भुल्लर सहित भारतीय कुश्ती फैडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (भाजपा सांसद), सर्वश्री बहादुर सिंह सग्गू (खेल सचिव पंजाब पुलिस), पी.आर. सोंधी, सोहन सिंह (बी.ए.), रणधीर सिंह धीरा, पवन कुमार, बॉबी मान, जोरावर सिंह चौहान, अमनवीर सिंह, हरबंस सिंह, अवतार भोला, एंथनी पहलवान मौजूद थे। 

अब तक अंतिम परिणाम इस प्रकार से रहे-

  पहला- अंक दूसरा- अंक तीसरा- अंक
फ्री स्टाइल पुरुष वर्ग की टीम चैम्पियनशिप में रेलवे- 149 अंक एस.एस.सी.बी.- 148 अंक हरियाणा- 141 अंक
फ्री स्टाइल महिला वर्ग की टीम चैम्पियनशिप में हरियाणा- 215 अंक रेलवे- 196 अंक दिल्ली- 107 अंक


महिला वर्ग के फ्री स्टाइल व्यक्तिगत मुकाबलों के 

  पहला- स्थान दूसरा- स्थान तीसरा- स्थान चौथा- स्थान
50 किलोग्राम भार वर्ग में शीतल- राजस्थान निर्मला- हरियाणा ममता- दिल्ली  सीमा- रेलवे
53 किलोग्राम भार वर्ग में पिंकी- हरियाणा अंकुश- हरियाणा ममता- चंडीगढ़  मनप्रीत- पंजाब
55 किलोग्राम भार वर्ग में विनेश फोगाट- रेलवे अंजू- हरियाणा रानी राणा- मध्यप्रदेश बंटी- दिल्ली
57 किलोग्राम भार वर्ग में सरिता- रेलवे नीतू- चंडीगढ़ मानसी- हरियाणा  सुषमा- दिल्ली
59 किलोग्राम भार वर्ग में अंशू- हरियाणा ललिता- रेलवे रितु रानी- दिल्ली  मंजू- हरियाणा
62 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी मलिक- रेलवे राधिका- हरियाणा रेशमा- महाराष्ट्र  निशा- दिल्ली
65 किलोग्राम भार वर्ग में निशा- हरियाणा नवजोत- रेलवे वंदना- दिल्ली  प्रोमिला- हरियाणा
68 किलोग्राम भार वर्ग में अनीता- हरियाणा दिव्या काकरन- रेलवे रौनक- दिल्ली  सुमन- हरियाणा
72 किलोग्राम भार वर्ग में किरण- रेलवे नैना- हरियाणा एन. तौबा देवी- मणिपुर  रानी- हिमाचल प्रदेश
76 किलोग्राम भार वर्ग में गुरशरणप्रीत- पंजाब पूजा- हरियाणा निक्की- रेलवे  सुदेश- हरियाणा

Edited By

Sunita sarangal