पुलिस थानों में नहीं होती 'AAP' MLA कुंवर विजय प्रताप की सुनवाई, नवजोत कौर ने बताई वजह

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 06:41 PM (IST)

जालंधर : नवजोत कौर सिद्धू द्वारा कांग्रेस पार्टी छोड़ने के ऐलान के बाद जहां पंजाब की सियासत गरमा गई है, वहीं नवजोत कौर सिद्धू ने कई राज भी खोलने शुरू कर दिए हैं। पंजाब की सियासत में ईमानदार नेताओं की स्थिती को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व आई.पी.एस. ऑफिसर कुंवर विजय प्रताप सिंह के हक में बोलते हुए सिस्टम और राजनीतिक ढांचे पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया है कि मौजूदा सियासी माहौल में ईमानदार व्यक्तियों को बर्दाश्त नहीं किया जा रहा है और उन्हें जानबूझकर किनारे किया जा रहा है।

'पंजाब केसरी' को दिए इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि आप पंजाब में किसे ईमानदार लीडर मानती हैं, जिसने ईमानदारी से काम किया हो? तो नवजोत कौर सिद्धू ने इसका जवाब देते हुए कहा कि जो इस समय टीवी पर बैठा है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू टी.वी. पर भी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पॉलिटिक्स में ईमानदार इंसान को कोई बर्दाश्त नहीं करता। उन्होंने कहा कि जो इंसान ईमानदारी से काम करता है, उसे किनारे कर दिया जाता है। नवजोत कौर ने अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि वह बहुत ईमानदार इंसान हैं, लेकिन उन्हें जानबूझकर साइडलाइन किया जा रहा है।

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बहुत भावुक और कड़े लहजे में कहा कि पंजाब में ईमानदारी से काम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कुंवर विजय प्रताप सिंह को अपना भाई बताया और कहा कि वह ऐसे ईमानदार नेता हैं जो सिस्टम की भेंट चढ़ रहे हैं। नवजोत कौर ने कहा कि चाहे पुलिस हो या टीचर, अगर कोई ईमानदारी से काम करने की कोशिश करता है, तो उसे परेशान किया जाता है और पैसों की मांग की जाती हैं। नवजोत कौर का कहना है कि पंजाब में ईमानदार नेताओं और अधिकारियों के लिए काम करना मुश्किल हो गया है, क्योंकि मौजूदा सिस्टम उन्हें स्वीकार नहीं रहा।

थानों को विशेष हिदायतों का दावा

नवजोत कौर सिद्धू ने बहुत हैरान करने वाला दावा किया और कहा कि ईमानदार लोगों को सिस्टमैटिक तरीके से दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस थानों में यहां तक ​​कहा गया है कि अगर कुंवर विजय प्रताप का फोन आए तो उनका काम नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर एक चुने हुए विधायक (MLA North) के साथ ऐसा बर्ताव हो सकता है, तो आम ईमानदार इंसान का क्या हाल होगा।

सिस्टम में 'हिस्सेबाजी' और भ्रष्टाचार का बोलबाला

नवजोत कौर सिद्धू के मुताबिक पार्टियों द्वारा बदलाव की बातें तो की गई थी पर असलीयत में कोई फर्क नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि ऊपर से नीचे तक 'हिस्सेबाजी' का सिलसिला अभी भी जारी है। पंजाब की सभी पॉलिटिकल पार्टियों पर निशाना साधते हुए सिद्धू ने कहा कि सिस्टम में ऊपर से नीचे तक 'हिस्से' (कमीशन) तय हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सिस्टम के साथ चलते हैं (हिस्सा लेते हैं) उनकी 'बल्ले-बल्ले' हो रही है, जबकि अच्छे लोग घुटन महसूस कर रहे हैं। कुंवर विजय प्रताप जैसे विधायकों की स्थिति आज बहुत सीमित कर दी गई है। नवजोत कौर सिद्धू के इन बयानों ने पंजाब की पॉलिटिक्स में हलचल मचा दी है। उनके मुताबिक ईमानदारी से कमाने वाला इंसान आज पॉलिटिक्स में अकेला पड़ गया है क्योंकि सिस्टम में ईमानदारी के लिए कोई जगह नहीं बची है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News