सिद्धू पर बरसे मजीठिया: मां पार्टी से धोखा करने वाला कभी अपने मां-बाप का नहीं हो सकता

punjabkesari.in Saturday, Mar 24, 2018 - 08:12 AM (IST)

नवांशहर/खटकड़कलां(त्रिपाठी, राकेश, चमन, विरदी, भनोट, मनोरंजन): शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव के शहीदी समागम पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में विभिन्न पार्टियों के नेताओं तथा आम जनता ने उनको फूल अर्पित करके अपनी श्रद्धांजलि भेंट की। 

बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पर बरसते हुए कहा कि मंत्री की कुर्सी की खातिर अपनी मां पार्टी के साथ धोखा करने वाला व्यक्ति कभी अपने मां-बाप का नहीं हो सकता, वह हमारा, आपका कैसे हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि नवजोत सिंह सिद्धू एक सच्चे पंजाबी हैं तो बताएं कि उन्होंने कांग्रेस की प्रमुख रही सोनिया गांधी के पास आज तक 1984 के दंगा पीड़ित सिखों के लिए इंसाफ की मांग क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि सिद्धू केवल और केवल कुर्सी के भूखे हैं। 2014 में मोदी साहिब के लिए प्रयोग किए शब्द आज वह कांग्रेस पार्टी की सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बहुत देर तक नहीं चल सकती। 

इस अवसर पर पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री दलजीत सिंह चीमा, हलका आनंदपुर से मैंबर पार्लियामैंट प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, विधायक सनौर हरिन्द्र सिंह चंदूमाजरा, पूर्व विधायक सुरिन्द्र सिंह भूलेराठां, संजीव भारद्वाज जिला प्रधान भाजपा, सोहन सिंह ठंडल, सर्बजोत सिंह साबी प्रधान यूथ अकाली दल दोआबा जोन, चौ. नन्द लाल, डा. सुखविन्द्र कुमार सुक्खी विधायक बंगा, जरनैल सिंह वाहद ने भी सम्बोधित करते हुए जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि अॢपत की, वहीं अपने-अपने विचार वर्करों तथा जनसमूह के साथ सांझे किए। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा ही पंजाब, पंजाबियत, पंजाबियों को धोखा दिया है। शिरोमणि अकाली दल ने जो वायदे किए थे वे सब पूरे किए हैं। पंजाब की मौजूदा कांग्रेस सरकार ने जो वायदे हाथ में धार्मिक ग्रंथ पकड़ कर किए थे, उनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं किया। 

Punjab Kesari