"भ्रष्टाचार से त्रस्त पंजाब को चाहिए बदलाव", पंजाब की गिरती हालत पर हरियाणा CM नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 08:03 PM (IST)

नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, लेकिन जब मैं पंजाब की स्थिति को देखता हूं तो मेरा मन पीड़ा से भर जाता है। एक समय था जब पंजाब पूरे देश का सिरमौर था, चाहे खेती हो, खेल हो, सेना हो या उद्योग, हर क्षेत्र में पंजाब सबसे आगे होता था, मगर अब स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। आज पंजाब का किसान परेशान है, युवा हताश हैं और माताओं की आंखों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर आंसू हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के समाना स्थित किसान पैलेस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रो. मोहन लाल शर्मा को भारतीय जनता पार्टी का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने की बात कही। उन्होंने सभी को नवरात्रों की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाना का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली रहा है। बंदा सिंह बहादुर ने सन 1709 में समाना के युद्ध में मुगलों को हराकर सिख सैन्य शक्ति का लोहा मनवाया था। इस युद्ध ने न केवल गुरुओं की हत्या का बदला लिया, बल्कि प्रथम सिख राज की नींव भी रखी। मैं पंजाब की इस वीर भूमि को नमन करता हूं, जिसने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। यह वह पवित्र भूमि है, जहां महान गुरुओं ने अपनी पवित्र वाणी से सेवा, त्याग और बलिदान का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल पड़ोसी राज्यों का नहीं है, बल्कि यह खून का रिश्ता है। यह सांझी विरासत और सांझे संघर्षों का संबंध है। मैं आपके बीच एक पड़ोसी के नाते नहीं, बल्कि आपके छोटे भाई और शुभचिंतक के रूप में आया हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब हर क्षेत्र में पिछड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने जनता को झूठे सब्जबाग दिखाए और पिछले साढ़े चार वर्षों में एक भी वादा पूरा नहीं किया। हालात यह हैं कि पंजाब में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो पंजाब को भी विकसित प्रदेश बना सकती है। हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है। पिछले साढ़े 11 वर्षों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और फसल खराबे के मुआवजे के रूप में किसानों के खातों में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्थानांतरित की जा चुकी है। इसके अलावा लगभग 133 करोड़ रुपये का किसानों का कर्ज भी माफ किया गया है। फसल खरीद का भुगतान 48 घंटे के भीतर किया जा रहा है।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि यदि पंजाब को विकसित राज्य बनाना है तो वर्ष 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी होगी। हरियाणा में लागू सभी कल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी भाजपा सरकार बनने पर लागू किया जाएगा।

इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक प्रो. मोहन लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उपस्थित जनसमूह से वर्ष 2027 में पंजाब में कमल का फूल खिलाने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ सके। इस दौरान जिला प्रधान हरमेश गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News