NCPL शिक्षकों ने इस मांग को लेकर प्रशासनिक परिसर के सामने धरना दिया

punjabkesari.in Friday, Mar 25, 2022 - 05:37 PM (IST)

जालंधर (चोपड़ा) : नेशनल चाइल्ड लेबर प्रोजेक्ट (एन.सी.पी.एल.) के तहत स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों ने आज प्रशासनिक परिसर के सामने सड़क के बीच धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद एस.डी.एम. हरप्रीत सिंह अटवाल ने एन.सी.पी.एल. के शिक्षकों से मुलाकात कर संबंधित अधिकारियों से बात कर उनकी मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद शिक्षकों ने धरना समाप्त कर दिया।

धरने में शामिल शिक्षिका नीलम शर्मा, मंजू नारंग, रणजीत कौर व अन्य ने कहा कि जालंधर जिले में करीब 27 स्कूल केंद्र सरकार के एन.सी.पी.एल. प्रोजेक्ट के तहत चल रहे हैं। इन स्कूलों में 108 शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एन.सी.पी.एल. के कर्मचारियों को पिछले 18 महीने से वेतन नहीं मिला है। ये सभी भुगतान न होने के बावजूद पिछले कई महीनों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन अब उन्हें अब पता चला कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही यह परियोजना बंद हो गई है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तनख्वाह न मिलने  की शिकायत को लेकर उन्होंने गत दिनों डिप्टी कमिश्नर घनशाम थोरी से मिले थे लेकिन इसको लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ए.डी.सी. और लेबर कमिश्नर द्वारा परियोजना के बंद होने की सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे फिर से सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


 

News Editor

Kamini