पंजाब में 3 हजार के करीब पहुंचा मरीजों का आंकड़ा, कोरोना से अब तक 62 लोगों की मौत

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2020 - 04:25 PM (IST)

जालंधरः पंजाब में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिला जालंधर में एक महिला की मौत हो जाने से राज्य में मृतकों की संख्या 62 हो गई है जबकि कोरोना मरीजों का आंकड़ा 3 हजार के करीब पहुंच गया है। 



अभी शिखर पर पहुंचेगी महामारी 

स्वास्थ्य विभाग ने अनुमान पेश करते हुए बताया कि अभी राज्य में इस महामारी का फैलाव होगा। इसलिए राज्य सरकार को सख्ती व ठोस बंदोबस्त करने की जरूरत है। मिशन फतेह के तहत टैस्टिंग बढ़ाने और जल्द मरीजों की पहचान करने से ही इस संकट को टाला जा सकता है। पंजाब में जल्द ही 4 नई टैस्टिंग लैब चालू की जाएंगी। वहीं, अगले एक महीने के दौरान टैस्टिंग दोगुनी की जाएगी। बैठक में प्राइवेट अस्पतालों द्वारा मरीजों के इलाज को लेकर ज्यादा फीस वसूलने की शिकायतों पर भी गौर किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सी.जी.एच.एस. रेट सख्ती से लागू किए जाएं। 


उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने वीकएंड व सार्वजनिक छुट्टी वाले दिन लॉकडाऊन को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं। इन दिनों में राज्य में ट्रांसपोर्टेशन पर भी रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री ने डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता को प्रदेश में सख्ती से आदेश लागू करने को कहा है। हालांकि औद्योगिक इकाइयों में पूरा दिन काम करने की अनुमति रहेगी। वहीं दिल्ली से आने वालों पर सख्त रोक लगाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दिल्ली से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए टैस्ट सर्टीफिकेट अनिवार्य किया जाए, क्योंकि दिल्ली से रोजाना पंजाब में औसतन 500 से 800 वाहन आते हैं। बाकी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों के लिए एकांतवास अनिवार्य रहेगा। डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने बताया कि एकांतवास को सख्ती से लागू करवाने के लिए 550 पुलिस दस्ते काम कर रहे हैं।

Vatika