19 फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों की ठगी कर रहे नैटवर्क का भंडाफोड़

punjabkesari.in Saturday, Mar 27, 2021 - 09:26 AM (IST)

लुधियाना(सेठी): सैंट्रल जी.एस.टी. कमिश्नरेट लुधियाना के एंटी-एवेजन विंग ने एक बोगस बिलिंग व फर्जी इनपुट टैक्स क्रैडिट (आई.टी.सी.) नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। नैटवर्क के संचालक बलजिंद्र सिंह उर्फ बंटी निवासी खन्ना पंजाब की 19 फर्मों के माध्यम से लगभग 484 करोड़ की बोगस बिलिंग कर 48 करोड़ का आई.टी.सी. का दावा कर चुके थे और लगभग 40 करोड़ का लाभ उठा चुके हैं।

वर्णनीय है कि ये 19 फर्में पंजाब के अलग-अलग जिलों में स्थापित हैं। विभाग द्वारा यह तलाशी अभियान आरोपी बलजिंद्र सिंह के निवास स्थान में 24 मार्च को चलाया गया। विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी में पता चला है कि बलजिंद्र ने चैकों के बंडल छुपाने के लिए उन्हें वाटरप्रूफ शीट में डालकर घर के पीछे खेतों में फैंकना शुरू कर दिया। इसका खुलासा उसके परिसर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे से हुआ जिसमें बलजिंद्र सबूतों को नष्ट करने का प्रयास करता दिखा। 200 खाली चैकों के अलावा कार्रवाई के दौरान 44 लाख 60 हजार की नकदी भी बरामद हुई। विभाग ने दस्तावेजों और अन्य डिजीटल उपकरणों (कम्प्यूटर/ लैपटॉप) को जब्त कर लिया है।

प्रिंसीपल कमिश्नर सी.जी.एस.टी. आशुतोष बरनवाल ने बताया कि बलजिंद्र ने अपने बयान में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिना माल की वास्तविक आवाजाही के नकली बिलों के माध्यम से फर्जी आई.टी.सी. का लाभ उठाने और उसे पारित करने के प्रयास किए हैं। बलजिंद्र सिंह उर्फ बंटी को मैजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद 9 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही विशाल सिंह नामक व्यक्ति को भी 25 मार्च को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया। वह श्री गिरिराज ट्रेङ्क्षडग कंपनी का प्रोपराइटर है जो उपरोक्त 19 फर्मों में से एक है। 

Content Writer

Vatika