शहरवासियों को ट्रैफिक से मिलेगी राहत, जालंधर-पठानकोट हाईवे पर बनेंगे नए बाईपास

punjabkesari.in Friday, Oct 22, 2021 - 12:52 PM (IST)

जालंधर : दोआबा क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल जालंधर-पठानकोट फोरलेन हाईवे होने के बावजूद छोटे शहरों में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए जालंधर-पठानकोट हाईवे के बीच 4 नए बाईपास बनाए जाएंगे। इसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा किया जाएगा। इन बाईपास का निर्माण भोगपुर, टांडा, दसूया और मुकेरियां में किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के बाद इसके निर्माण के लिए टेंडर निकाले जाएंगे।

एन.एच.ए.आई. द्वारा 4 नए बाईपास के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण शुरू कर दिया है। एन.एच.ए.आई. जालंधर परियोजना निदेशक कार्यालय के अनुसार चालू वित्त वर्ष में भी भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद निर्माण के लिए टेंडर खोलने का लक्ष्य रखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाईपास निर्माण के लिए भोगपुर में 55 हेक्टेयर, टांडा में 130 हेक्टेयर, दसूया व मुकेरियां में 70-70 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। भोगपुर में मौजूदा हाईवे से बाईं तरफ टांडा में रिंग रोड, दसूहा तथा मुकेरियां में हाईवेके दाईं तरफ बाईपास का निर्माण किया जाएगा। चारों तरफ बाईपास के निर्माण पर लगभग 1000 करोड़ रुपए खर्च आने का अंदाजा लगाया गया है। भूमि अधिग्रहण का खर्च अलग से होगा। 

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भोगपुर, दसूया और मुकेरियां को पार करते समय यातायात को इन शहरों से होकर गुजरना पड़ता है। भारी ट्रैफिक के कारण इन तीनों जगहों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। पुराने फोर लेन हाईवे पर बाईपास से गुजरने के बाद वाहन फिर से प्रवेश करेंगे। इससे इन शहरों के लोगों की परेशानी तो कम होगी ही, वहीं चालकों को अबाधित मार्ग भी मिलेगा।

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal