पंजाब कांग्रेस में नया विवाद, विधायक को चन्नी के प्रोग्राम में जाने से रोका

punjabkesari.in Tuesday, Sep 28, 2021 - 03:53 PM (IST)

नवांशहर(मनोरंजन): महान शहीद एवं प्रसिद्ध क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम स. भगत सिंह का 114वां जयंती समारोह उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां में मनाया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए पहुंचे थे। नवांशहर के विधायक अंगद सिंह का आरोप है कि जैसे ही वह अपने समर्थकों के साथ मुख्य गेट के अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। अंगद सिंह का कहना है कि जब उन्होंने पुलिस को अपने समर्थकों सहित अंदर जाने के लिए कहा तो पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। 

पुलिस की इस कार्यप्रणाली से खफा होकर विधायक अंगद सिंह स्मारक के सामने ग्रिल पर अपने समर्थकों सहित धरने पर बैठ गए। कुछ ही समय बाद एस.पी. मनविंदर वीर सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी उन्हें अंदर जाने के लिए कहने लगे। इस पर विधायक अंगद सिंह ने कहा कि पिछले सप्ताह भी जब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री बनने पर खटकड कलां भगत सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए थे तो उस समय भी पुलिस की ओर से कांग्रेसी वर्करों को अंदर नहीं जाने दिया गया। आज तो भगत सिंह का 114वां जन्मदिवस था। इस दिन पर कांग्रेसी वर्करों सहित गांववासियों को अंदर जाने से पुलिस द्वारा रोकना उचित नहीं है। हर किसी को भगत सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने का अधिकार है। 

कुछ समय बाद ही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का काफिला वहां आया तो उसमें से कैबिनेट मंत्री राजा वड़िंग को जैसे ही इस बात का पता चला तो वह अंगद सिंह को उनके समर्थकों सहित वहां से मनाकर समारोह में ले गए। राजा वड़िंग ने वहां पर खड़े पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर इतनी सख्ती न दिखाने को कहा। उन्होंने जनता के चुने हुए नुमाइंदो को पुलिस को पूरा आदर देने के आदेश दिए। जब इस संबंध में एसएसपी हरमनवीर सिंह गिल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी इस घटना के बारे में जानकारी नहीं है। वह पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेकर ही कुछ कह सकते हैं। 

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Her  

 

Content Writer

Sunita sarangal