पंजाब भाजपा प्रधान पर हुए हमले के मामले में नया मोड़, कांग्रेस पर लगे आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2020 - 01:55 PM (IST)

जालंधर: जालंधर से पठानकोट जा रहे पंजाब भाजपा के राज्य प्रधान अश्वनी शर्मा की गाड़ी पर हुए हमले को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि यह हमला किसानों ने नहीं, बल्कि सरकार के इशारे पर हुआ है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि हमला करने वाले किसान कभी नहीं हो सकते। उन्होंने बताया कि वह अक्सर इस रूट से गुज़रते हैं लेकिन टोल -प्लाज़ा पर धरने पर बैठे किसानों ने नारेबाजी के अलावा कभी कुछ नहीं कहा।

दूसरी तरफ़ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी तरुण चुघ ने कहा कि किसान आंदोलन की आड़ में यूथ कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा प्रधान पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले अमृतसर भाजपा दफ़्तर पर भी हमले हो चुके हैं। चुघ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के यह नेता पंजाब सरकार की शह पर पुलिस प्रशासन के सहयोग के साथ भाजपा को निशाना बनाकर हमले कर रहे हैं। भाजपा किसानों को 135 करोड़ देशवासियों का भगवान मानती है और किसान देश का पालन कर रहे हैं और पालनकर्त्ता कभी हमले नहीं करते। यह हमला पंजाब सरकार के इशारे पर यूथ कांग्रेस की तरफ से किए जा रहे हैं। चुघ ने कहा कि शुरू से ही सियासी पक्ष किसानों की दीवार में राजनीतिक रोटियां सेक रही हैं।पंजाब के गवर्नर वी. पी. सिंह बदनौर और डी. जी. पी. दिनकर गुप्ता को विनती करते हुए कहा कि राज्य प्रधान अश्वनी शर्मा पर किए गए जानलेवा हमले पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ़्तार किया जाये। 

दूसरी तरफ़ भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने भी इस हमले के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है। उनका कहना है कि जो गाडियां वहां खड़ी थे, उन पर यूथ कांग्रेस के स्टिकर लगे थे। इस के साथ ही उनका कहना है कि यह सारा हमला यूथ कांग्रेस ने करवाया है क्योंकि जालंधर से यूथ कांग्रेस की गाड़ियां उनका पीछा कर रही थीं और जैसे ही वह टोल प्लाजा पर रुके तो किसानों की आड़ में घुसपैठ करके उन्होंने शर्मा की गाड़ी पर हमला कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News