जासूसी कैमरा केस में नया मोड़: मुख्य आरोपी ''नींबू'' से आईबी करेगी पूछताछ, चौथे आरोपी की तलाश तेज

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 03:05 PM (IST)

बठिंडा(विजय वर्मा): मलोट रोड पर मिले कथित जासूसी कैमरा मामले की जांच अब और गहराती जा रही है। थाना थर्मल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी 'नींबू' से अब खुफिया एजेंसी (आईबी) भी पूछताछ करेगी। वहीं पुलिस चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

सूत्रों के अनुसार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी 'नींबू' ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। बताया जा रहा है कि उसने अपने एक अन्य साथी के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। सूत्रों का कहना है कि आईबी की टीम आरोपी से उसके सीमा पार संभावित संपर्कों, कैमरे लगाने की पूरी साजिश, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और उसे मिली कथित मदद के बारे में गहन पूछताछ करेगी। हालांकि गुरुवार दोपहर तक आईबी की टीम थाना नहीं पहुंची थी, लेकिन जल्द पूछताछ होने की संभावना जताई जा रही है।

जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पहले गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी 'नींबू' तक पहुंचने के संकेत मिले थे। अब 'नींबू' की गिरफ्तारी के बाद चौथे आरोपी की भूमिका सामने आ रही है। माना जा रहा है कि चौथा आरोपी पकड़े जाने के बाद पूरे नेटवर्क और मामले की तस्वीर साफ हो सकती है। उधर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का मानना है कि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने तक मामले की संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News